कानपुर के 'मॉडर्न लाइफ हॉस्पिटल' का काला चिट्ठा; 2 साल में 4 बार बदला नाम और 3 बार सील, एडी हेल्थ के छापे में खुलासा
कानपुर के कल्याणपुर स्थित मॉडर्न लाइफ हॉस्पिटल पर एडी हेल्थ के छापे में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह अस्पताल ...और पढ़ें

मॉर्डन लाइफ हॉस्पिटल। जागरण
HighLights
एडी हेल्थ ने कानपुर के अस्पताल पर छापा मारा
अस्पताल ने 2 साल में 4 बार नाम बदले
तीन बार सील होने के बाद भी चल रहा था
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (कानपुर)। कानपुर में एडी हेल्थ ने कल्याणपुर के एक हॉस्पिटल में छापा मारा। छापे में हॉस्पिटल का काला चिट्ठा सामने आया। दो साल में चार बार नाम बदलकर हॉस्पिटल चल रहा है, जबकि तीन बार सील भी किया जा चुका है। फिर भी स्वास्थ्य विभाग इससे अनजान रहा।
कल्याणपुर के मार्डन लाइफ हास्पिटल में लखनऊ से आकर एड़ी हेल्थ डा.रेनू पंत जोशी ने छापा मारा। टीम को अस्पताल के कमरे में एक मरीज भर्ती मिला, जबकि स्टाफ और संचालक गायब था। एक आया मौके पर मौजूद मिली।
टीम ने आया से दस्तावेजों की मांग की तो उसने दस्तावेजों की जानकारी से इन्कार कर दिया। इसी इमारत में दो साल में चार अलग अलग अस्पताल संचालित हो चुके हैं जिनमें से तीन बार सीलिंग की कार्यवाई की जा चुकी है।
पंजीकरण न होने की वजह से सील किया गया
कल्याणपुर के नेपाली मंदिर के सामने 2024 के दौरान राजू राठौर और नीरज द्वारा न्यू लाइफ हास्पिटल संचालन किया जा रहा था। पंजीकरण नहीं होने के चलते उसे सील कर दिया गया था। इसके बाद संचालक राजू राठौर ने इसका नाम बदलकर ग्रेस हास्पिटल कर दिया। कुछ समय बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे भी सील कर दिया। अस्पताल सील होने के कुछ दिनों बाद ही इसी इमारत में इम्तियाज अहमद और प्रिंस द्विवेदी ने हास्पिटल का नाम बदलकर केपीएस के नाम से संचालित करने लगे।
नर्स से दुष्कर्म का आरोप भी लगा
इसी हास्पिटल में एक नर्स ने अस्पताल संचालक इम्तियाज अहमद के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने आरोपित संचालक को जेल भेजा और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया जिसके बाद प्रिंस द्विवेदी ने फिर अस्पताल का नाम बदलकर मार्डन लाइफ हास्पिटल कर दिया। बताया जा रहा है वर्तमान में अस्पताल संचालक प्रिंस अपने एक अन्य साझेदार प्रदीप के साथ मिलकर अस्पताल चला रहा था।
लखनऊ से आई टीम
शुक्रवार शाम एडी हेल्थ डा. रेनू पंत जोशी की अगुवाई में लखनऊ से आई टीम ने माडर्न लाइफ हास्पिटल में छापा मारा। बताया जा रहा है कि मार्डन लाइफ हास्पिटल का पंजीकरण रिन्यूवल नहीं है। एडी हेल्थ डा.रेनू पंत जोशी ने बताया कि मौके पर एक मरीज भर्ती मिला है जबकि स्टाफ और संचालक नहीं मिले। जांच के लिए आए थे लेकिन दस्तावेज भी नहीं मिले है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।