कन्नौज में सामने आया अजब-गजब मामला, ईंट भट्ठा मजदूर के बैंक खाते में आए 2.70 खरब रुपये
कन्नौज के छिबरामऊ के रहने वाले ईंट भट्ठा मजदूर के बैंक खाते में 2.70 खरब रुपये आए है। राजस्थान में ईंट भट्ठे पर कमालपुर निवासी मजदूर काम करता है। रविव ...और पढ़ें

कन्नाैज, जागरण संवाददाता। छिबरामऊ में बैंक आफ इंडिया शाखा में ईंट भट्ठा मजदूर के खाते में रातों-रात 2.70 खरब रुपये आ गए। दूसरे दिन श्रमिक जानकारी करने बैंक पहुंचा, तो इससे पहले ही रुपये वापस हो चुके थे।
कोतवाली छिबरामऊ के गांव कमालपुर निवासी 45 वर्षीय बिहारी लाल राजस्थान में ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। रविवार शाम को वह गांव में संचालित मिनी ब्रांच से रुपये निकालने गए थे। मिनी ब्रांच संचालक ने खाता देखा तो वह हैरान रह गया। उसने श्रमिक को बताया कि खाते में दो खरब से अधिक रुपये पड़े हुए हैं। यह सुनकर खाताधारक भी अचंभित हो गया।
सोमवार सुबह श्रमिक बैंक आफ इंडिया शाखा पर पहुंचा। भीड़ अधिक होने पर वह खाता चेक नहीं करा पाया और वापस लौट गया। इसके बाद दोबारा मिनी ब्रांच पर जाकर खाता चेक करवाया। उस समय तक खाते में आए रुपये वापस जा चुके थे।
श्रमिक ने बताया कि खाते में 2,70,78,58,13,894 रुपये आए थे। इस संबंध में मिनी ब्रांच संचालक कमालपुर निवासी विमलेश ने बताया कि रविवार शाम चार बजे करीब बिहारी लाल खाते में धनराशि की जानकारी के लिए आए थे। खाते में 12 डिजिट की धनराशि दिख रही थी।
ऐसे में उनसे बैंक जाकर एंट्री करवाने को कहा था। इस पर उन्होंने स्क्रीनशाट ले लिया था। सुबह बैंक में बैलेंस पता नहीं चलने पर बिहारी लाल ने किसी केंद्र पर पड़ताल कराई। वहां धनराशि शो नहीं कर रही थी। बैंक से संपर्क किया गया तो वहां से खाते में केवल 129 रुपये होने की जानकारी दी गई।
ऐसे में कोई तकनीकी फाल्ट हो सकता है। मंगलवार सुबह बैंक जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में काफी प्रयास के बाद भी लीड बैंक प्रबंधक अभिषेक सिन्हा से संपर्क नहीं हो सका।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।