थाईलैंड में शादी, 60 लाख रुपये और जन्मदिन पर 55 लाख की बाइकें... कानपुर पहुंची युवती ने खोल दी टेनरी कारोबारी की पोल
कानपुर के टेनरी संचालक इरफान ने थाईलैंड की युवती अपसार्न से शादी कर उससे 60 लाख रुपये और जन्मदिन के ...और पढ़ें

बाइक के साथ इरफान। सौजन्य: पुलिस
HighLights
2024 में थाईलैंड में शादी कर 60 लाख रुपये भी हड़पे, देश लौटकर किया ब्लैकलिस्ट
कानपुर पहुंची युवती तो जबरन हिजाब पहनाकर मतांतरण का दबाव, विरोध पर पीटा
युवक को पुलिस ने भेजा जेल, मां का आरोप- युवती ही काफी समय से कर रही ब्लैकमेल
जागरण संवाददाता, कानपुर। थाईलैंड की युवती से शादी कर दलेलपुरवा के टेनरी संचालक इरफान ने उससे 60 लाख रुपये ही नहीं हड़पे, बल्कि अपने जन्मदिन पर उपहार के नाम पर 55 लाख लेकर दो स्पोर्टस बाइकें खरीद लीं। मामले में पुलिस ने आरोपित को गुरुवार को जेल भेज दिया।
गुरुवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराकर वापस उसे उसके देश भेजेगी। वहीं, इस मामले में आरोपित की मां ने युवती पर ही बेटे को काफी समय से ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।
थाईलैंड के लयूंग चौनघुरी क्लुआ बैंक निवासी अपसार्न के मुताबिक, वह रेस्टोरेंट व कैंटीन संचालक है। वर्ष 2022 में उसकी इंस्टाग्राम के जरिए अनवरगंज के दलेलपुरवा निवासी टेनरी संचालक इरफान से बातचीत हुई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हुआ और 22 अप्रैल 2024 को इरफान ने बौद्ध धर्म की परंपरा से थाईलैंड में शादी कर ली।

ठगी की शिकार थाईलैंड निवासी अपसार्न। वीडियो ग्रैब
शादी के तीन माह बाद से इरफान अपने कारोबार को बढ़ाने की बात कहकर अपसार्न व उसकी बहन से रुपये लेता रहा। उसने करीब 60 लाख रुपये ले लिए। 2024 में इरफान ने अपने जन्मदिन पर निंजा स्पोर्ट्स बाइक उपहार स्वरूप मांगी। इस पर उसे 21 लाख रुपये दे दिए। भारत आकर उसने बाइक खरीदी और इंस्टाग्राम पर फोटो अपलोड की।
2025 में जन्मदिन पर फिर से महंगी बाइक मांगी और 34 लाख रुपये ले लिए। भारत आने के बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। जब फोन उठा तो उसने कहा कि इस्लाम धर्म अपना लो और भारत आ जाओ। तुम्हारे रुपये भी वापस कर दूंगा। अपसार्न ने बौद्ध धर्म छोड़ने से मना कर दिया। इस पर इरफान ने मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया।

इरफान और अपसार्न। सौजन्य: पुलिस
पांच दिन पहले अपसार्न एक परिचित से बात कर कानपुर आई। शादी से पहले इरफान ने अपने वाट्सएप से घर की लोकेशन व डिटेल भेजी थी, उसी की मदद से वह सोमवार रात उसके घर पहुंची, तो परिवार को उसके शादीशुदा होने का पता चला।
आरोप है कि इरफान ने जबरन हिजाब पहनाते हुए इस्लाम धर्म अपनाने की बात कही। विरोध पर उसे पीटा। एसीपी अनवरगंज मजंय सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान बुधवार को दर्ज कराए जाएंगे।
आरोपित का कहना है कि बाइकें उसने अपने पैसे से खरीदी हैं, जिससे उसने पुणे के एक व्यक्ति को बेच भी दी। लेकिन, आरोपित के खिलाफ पीड़िता के वाट्सएप पर काफी चैट, काल डिटेल व अन्य साक्ष्य हैं, जिसके आधार पर उसे जेल भेजा गया।
