विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kanpur News: जिसे पाला पोसा... वह बेटा बना कातिल, मां को ईंट से कूचकर मार डाला

Published: Sat, 06 Sep 2025 03:15 PM (IST)

कानपुर के सेन पश्चिम पारा कसिगवां गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक कलयुगी बेटे ने ...और पढ़ें

कानपुर में बेटे ने मां को मार डाला।
कानपुर में बेटे ने मां को मार डाला।

HighLights

  1. शनिवार दोपहर घर पर अकेली थी वृद्ध मां, दरवाजे की कुंडी तोड़ घुसा अंदर
  2. घटना को अंजाम देकर मौके से भाग रहे हत्यारोपित को भीड़ ने पकड़ा

जागरण संवाददाता, कानपुर। जिस बेटे को पाल पोसकर बड़ा किया। जिसे अपने पैरों पर खड़े होने के लायक बनाया। आज उसी बेटे ने अपनी मां को बेरहमी से मार डाला। कातिल बेटे को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

सेन पश्चिम पारा कसिगवां गांव में शनिवार दोपहर शराब के लिए रुपये न देने पर कलयुगी बेटे ने वृद्ध मां की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। मौके से भाग रहे हत्यारोपित बेटे को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने फारेंसिक टीम बुलाकर जांच शुरू की।

कसिगवां गांव निवासी किसान तुलसीराम यादव की 15 वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। जिसके बाद से उनकी 65 वर्षीय पत्नी राजेश्वरी चार बेटों उमेश, सुशील, राजाराम उर्फ लादेन और मनोज के साथ रह रही थी। कुछ वर्ष पहले बड़ा बेटा उमेश साधु बनकर घर छोड़कर चला गया। जिसके बाद वह राजाराम व मनोज के साथ रहती थी। शनिवार दोपहर छोटा बेटा मनोज (42 वर्ष) फैक्ट्री में काम करने गया हुआ था।

इसी दौरान हर रोज की तरह मंझिला बेटा राजाराम शराब के नशे में आया और गाली गलौज करते हुए मां से शराब के लिए रुपये मांगने लगा। जिसपर मां ने विरोध करते हुए मुख्य दरवाजे की कुंडी लगाकर घर के अंदर हो गई। इस पर राजाराम आगबबूला होकर पहले दरवाजे पर पथराव किया, फिर कुंडी तोड़कर अंदर घुस गया। जहां मां के सिर पर ईंट से कई ताबतोड़ वार कर हत्या कर दी।

मां की सांसें थमते ही हत्यारोपित मौके से भागने लगा। जिसपर ग्रामीणों ने दौड़ाकर हत्यारोपित बेटे को पकड़कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने हत्यारोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने फारेंसिक टीम बुलाकर घटना स्थल की जांच शुरू की।

थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि हत्यारोपित शराब का लती है। शराब के लिए रुपये न देने पर उसने वृद्ध मां की हत्या कर दी है। हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।