पूर्व मंत्री श्रीप्रकाश के निधन पर दिग्गजों ने जताया शोक, यूपी के सीएम ने भी दी श्रद्धांजलि
कानपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। अजय राय और अखिलेश यादव ने भी उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री जायसवाल ने कानपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
-1764353840605.webp)
पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के आवास पर उनके भाई प्रमोद जायसवाल के साथ खड़े कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व समर्थक। जागरण
जागरण संवाददाता, कानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेता श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन के बाद दिग्गज राजनेताओं सहित यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। श्रीप्रकाश जायसवाल ने कानपुर में आखिरी सांस ली। उनके निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गयी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया गया है। उन्होंने लिखा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। वहीं, कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पोस्ट करके इसे कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने लिखा कि यूपी सरकार में मेरे सहयोगी रहे, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वे एक सच्चे और निष्ठावान कांग्रेसी थे जिन्होंने कानपुर के विकास व कल्याण के लिए पूरी ईमानदारी से जनसेवा का कार्य किया। उनका जाना कांग्रेस पार्टी के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय राय ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। कानपुर और यूपी की राजनीति में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। हम सबके बड़े भाई, सरल स्वभाव और जमीन से जुड़े हुए नेता के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे।
बीसीसीआइ उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लिखा कि यूपीए सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पोस्ट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल जी का निधन, अत्यंत दु:खद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
भावभीनी श्रद्धांजलि।
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने लिखा कि मैं जब कानपुर जाता था तो कानपुर की दिवालों पर एक नाम हर तरफ दिखता था,स्लोगन होता था..." आपका श्रीप्रकाश जायसवाल" जो शहर अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक, मेयर से लेकर कानपुर के 3 बार सांसद रहे और कांग्रेस सरकार में दो बार केंद्रीय मंत्री रहे कार्यकर्ताओं के चहेते श्रीप्रकाश जायसवाल जी का निधन बहुत दुखद है, वह जीवन भर कांग्रेस के समर्पित सिपाही रहे, वर्तमान कार्यकर्ताओं के लिए उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।