मीटर से उठी चिंगारी ने मचाई तबाही, 8 स्कूटर-3 बाइक जलकर राख, 7-8 धमाकों से दहली 6 मंजिला इमारत
कानपुर के पटकापुर में राधिका अपार्टमेंट में बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों ...और पढ़ें

पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में आग की चपेट में आकर जली गाड़ियां। जागरण व प्रांजल और राखी का फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग।
अवैध इमारत में फंसे 50 से अधिक लोग, दो की मौत।
बिल्डर और जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, कानपुर। Radhika Apartment Fire: पटकापुर की सकरी गली में अवैध निर्मित छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट के भूतल पर रविवार रात बिजली मीटर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। पड़ोसियों ने पहले आग बुझाने का प्रयास किया पर आग ने वहां खड़े आठ स्कूटर व तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग विकराल हो गई।
एक के बाद एक सात से आठ धमाके हुए तो मोहल्ला दहल गया और लोगों ने आग बुझाने की कोशिश बंद कर दी। देखते ही देखते इमारत के अंदर जहरीला दमघोंटू धुआं भरा और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। अग्निकांड की वजह से अपार्टमेंट में रहने वाले 12 परिवारों के 50 से अधिक लोग फंस गए।
-1794838715505.webp)
पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में आग की चपेट में आकर जली गाड़ियां। जागरण
चादर व साड़ी बंधवाकर और लोहे की सीढ़ी व पटरा लगाकर उतारा
मोहल्ले के लोगों की मदद से अंदर फंसे कई लोगों को फ्लैट की खिड़की से चादर व साड़ी बंधवाकर और लोहे की सीढ़ी व पटरा लगा पड़ोसी की छत पर उतारा गया, लेकिन आठ लोग फिर भी फंसे रहे।
डेढ़ घंटे बाद दमकल पहुंची
करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल की चार गाड़ियां पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू कर दमकल के जवानों ने फंसे लोगों को निकाल लिया। इससे पहले तीसरी मंजिल की खिड़की पर साड़ी बांधकर लगाकर नीचे उतरने के क्रम में गांठ खुलने से एक महिला पहली मंजिल से उतर रहे युवक पर गिर पड़ी।
छत पर आग की चपेट में आया किशोर
महिला की मौत हो गई और युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई। वहीं पांचवीं मंजिल पर रहने वाला एक किशोर बचने के लिए छत पर भागा और आग की चपेट में आने से उसकी तड़पकर मौत हो गई। अग्निकांड में दो लोग झुलस गए, जिनका इलाज चल रहा है।
बिना नक्शे के बने अपार्टमेंट के जिम्मेदार पर कब होगी कार्रवाई?
इस अवैध अपार्टमेंट को बनाने वाले बिल्डर पर तो पुलिस कार्रवाई करने का दावा कर रही है, लेकिन अपार्टमेंट बनाने के लिए नक्शा पास होने या बिना नक्शे के बनने, बिजली कनेक्शन देने वाले समेत विभागों के जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी ये कोई नहीं बता सका।
छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट
फीलखाना के पटकापुर में बिल्डर मोहित तिवारी ने करीब 150 वर्गगज की जमीन पर भूतल समेत छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट के नाम से दो साल पहले इमारत बनवाई थी, जिसमें पांच मंजिल तक हर तल पर दो फ्लैट बनाए गए थे, जबकि छठवीं मंजिल पर एक फ्लैट निर्माणाधीन है। यहां 12 परिवार रहते हैं।
शार्ट सर्किट से लगी आग
भूतल पर ही वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। अपार्टमेंट के सामने मात्र पांच फीट चौड़ी सड़क है और दाईं तरफ तीन फीट चौड़ी गली एक झोपड़ी की तरफ गई है। वहां से रास्ता बंद हो जाता है। रविवार रात करीब तीन से चार बजे के बीच भूतल पर लगे मीटर में शार्ट सर्किट हुआ और कुछ ही देर में आग लग गई, जिसने पार्किंग में खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देख बचाने दौड़े पड़ोसी
आग की लपटें देख सबसे पहले मुहल्ले के रवि और सड़क किनारे सो रहे पत्ती और उसके मामा बाबा ने देखी। उन लोगों ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग जाग गए। भूतल पर रमादेवी के बेटे मनोज, पौत्र अमन समेत परिवार के लोग किसी तरह से बाहर निकले।
एक के बाद एक तेज धमाके
इसके बाद लोग मग्घा, बाल्टी समेत बर्तनों से सामान लाकर आग बुझाने लगे, लेकिन तभी गाड़ियों के जलने की वजह से एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे तो सभी वहां से दूर हो गए। बाबा ने बताया कि यूपी 112 पर 10 से अधिक बार काल की गई, लेकिन संपर्क ही नहीं हुआ। कुछ लोग पटकापुर चौकी पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
दमकल गली में नहीं आ सकी
वहीं, आरोप है कि दमकल को सूचना देने के बाद भी गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची, पर संकरी गली होने से दमकल की गाड़ी अंदर नहीं आ सकी। चौकी के पास गाड़ी खड़ी कर हौज पाइप बढ़ाकर अपार्टमेंट में लगी आग बुझाने लगे, लेकिन आग की लपटें अंदर से पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई थी।
दो घंटे बाद आग पर काबू
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में झुलसे व घायल का स्वास्थ्य और उपचार संबंधी जानकारी लेने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और एडीएम सिटी सौरभ सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हाल देख स्वजन से बातचीत की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पहले करंट और आग की हो चुकी थी शिकायत
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को संवेदनशीलता के साथ बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि अग्निकांड के बाद दो बार घटनास्थल पर गए और अवैध तरह से बने अपार्टमेंट को देखा। लिफ्ट में करंट आने व दो माह पहले मीटर में आग लगने की जानकारी दिवंगत प्रांजल के पिता अनिल कुमार बाथम ने दी है। बिल्डर पर कार्रवाई की जाएगी और भी जो लोग जांच में सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
एसीपी लाइन अंजना कर रहीं मामले की जांच
इस मामले की जांच के लिए एसीपी लाइन अंजना दहिया को दी गई है। केडीए उपाध्यक्ष से भी जांच करने व ऐसी इमारतों का सत्यापन करने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर राधिका अपार्टमेंट बना आग का पिंजरा, फंसे 12 परिवार, दो की मौत
यह भी पढ़ें- कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, 2 की मौत; 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।