कानपुर राधिका अपार्टमेंट बना आग का पिंजरा, फंसे 12 परिवार, दो की मौत
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो ...और पढ़ें

एक ही निकास द्वार और राखी साहू और प्रांजल बाथम की फाइल फोटो।
HighLights
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग से दो की मौत।
संकरी गली, एक निकास से फंसे लोग, सुरक्षा में कमी।
पटरे और चादर से खिड़कियों के सहारे जान बचाई गई।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के लगी आग ने बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा इंतजामों की हकीकत सामने ला दी। पांच फीट चौड़ी संकरी गली में बने अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों के लिए आग से ज्यादा मुसीबत बाहर निकलने का रास्ता बंद होना बन गया। दो लोगों की मौत हो गई।
भूतल पर बनी पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगने से लपटें और धुएं का गुबार ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। ऐसे में सीढ़ियों से नीचे उतरना जान जोखिम में डालने जैसा था। अपार्टमेंट में लिफ्ट और सीढ़ियां तो थीं, लेकिन बाहर निकलने के लिए एक ही गेट होने से लोग अंदर ही फंस गए।
आग और धुएं से घिरे परिवारों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं दिखा तो लोगों ने खिड़कियों का सहारा लिया। अपार्टमेंट की खिड़की से करीब तीन फीट की दूरी पर बने पड़ोसी मकान की छत तक पहुंचने के लिए पटरा लगाया गया। इसके सहारे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, कुछ लोगों ने खिड़की से चादर लटकाकर नीचे उतरने का जोखिम उठाया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पार्किंग में आग लगने के बाद देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में भर गया। भूतल से ऊपर की मंजिलों तक धुआं पहुंचने के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था। ऐसे में दमकल कर्मियों ने एक तरफ आग बुझाने का काम शुरू किया तो दूसरी ओर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि हादसे में राखी साहू और प्रांजल बाथम की जान चली गई। दो अन्य लोग वैभव गुप्ता और मीता बाथम का उपचार जारी है।
करीब 150 वर्ग गज क्षेत्रफल में बने इस अपार्टमेंट में पार्किंग समेत छह मंजिलें हैं। प्रत्येक मंजिल पर दो फ्लैट बने हैं और कुल 12 परिवार यहां रहते हैं। सवाल यह है कि इतनी संकरी गली और सीमित निकास वाले अपार्टमेंट में आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। आग लगने की घटना ने बहुमंजिला इमारतों में वैकल्पिक निकास, अग्नि सुरक्षा और रेस्क्यू व्यवस्था की जरूरत को फिर से चर्चा में ला दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।