कानपुर में ITI पांडुनगर से नमक फैक्ट्री तक 17 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क, मराला चौराहा का होगा सुंदरीकरण
केडीए कानपुर में आवासीय योजनाओं के साथ टूटी सड़कों का निर्माण और चौराहों का सुंदरीकरण करेगा। इसमें आईटीआई पांडुनगर से नमक फैक्ट्री तक 17 करोड़ की सड़क और उन्नाव के मराला चौराहा का सुंदरीकरण प्रमुख है।

HighLights
आईटीआई पांडुनगर से नमक फैक्ट्री तक बनेगी 17 करोड़ की सड़क।
उन्नाव स्थित मराला चौराहा का 1.98 करोड़ से होगा सुंदरीकरण।
केडीए शहर में कई विकास कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित करेगा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। आवासीय योजना विकसित करने के साथ ही केडीए शहर की टूटी सड़कों का निर्माण और चौराहों का भी सुंदरीकरण कराएगा। इसके तहत पिछले 10 साल से खोदी व टूटी पड़ी आईटीआई पांडु नगर से देवकी चौराहा होते हुए छपेड़ापुलिया होते हुए नमक फैक्ट्री तक दो किलोमीटर सड़क का निर्माण केडीए कराएगा। इसके अलावा उन्नाव स्थित मराला चौराहा का सुंदरीकरण भी केडीए 1.98 करोड़ रुपये से कराएगा। साथ ही गौतम बुद्ध पार्क इंदिरा नगर को 15 लाख रुपये से रोशन किया जाएगा।
आईटीआई पांडुनगर से नमक फैक्ट्री तक करीब दो किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के साथ ही रोड के दोनों तरफ डक्ट का निर्माण कराया जाएगा ताकि सीवर, पेयजल व केस्को फाल्ट होने पर सड़क न खोदी जाए। नालियों के साथ ही जलभराव से भी निजात दिलाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए 21 दिसंबर को टेंडर आमंत्रित किया गया है। अनुबंध होने के 18 माह के अंदर सड़क का निर्माण होना है। वर्तमान समय में नगर निगम देवकी चौराहा से आरएसपुरम कालोनी काकादेव तक सीवर व पेयजल लाइन डालने के कारण खोदी सड़क को 70 लाख रुपये से निर्माण करा रहा है।
न्यू ट्रांसपोर्ट नगर योजना फेज तीन में कालपी मार्ग में 5.60 करोड़ रुपये से ओपेन पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा ताकि सड़क पर ट्रक न खड़े हो। यह भी कार्य डेढ़ साल में पूरा होना है। करीब 50 ट्रक खड़े करने की व्यवस्था की जाएगी। शताब्दी नगर योजना में कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना 2.70 किलोमीटर पहुंच मार्ग का चौड़ीकर 9.85 करोड़ रुपये से कराया जाएगा।
इस्पात नगर योजना में 18 और 24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कों पर सीसी सड़क और नाली निर्माण 54.50 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। इन सभी के टेंडर 21 दिसंबर तक आमंत्रित किए गए है। सभी कार्य 15 से 18 माह तक पूरे किए जाने है। इसके अलावा हाईवे सिटी विस्तार पार्ट-दो में नवविकसित भूखंडों के लिए बाह्य विद्युतीकरण और प्रकाश व्यवस्था 24.60 लाख रुपये से कराया जाएगा। कृष्णपुरम में स्थित चिल्ड्रेन पार्क में 10.69 लाख रुपये से लाइट लगाई जाएगी।
केडीए के मुख्य अभियंता आरआरपी सिंह ने बताया कि सभी कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित किए है। कंपनी फाइनल होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- वैवाहिक कार्यक्रमों से कानपुर नौबस्ता-सागर हाईवे पर भीषण जाम, 12 किमी वाहनों की लंबी कतार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।