वैवाहिक कार्यक्रमों से कानपुर नौबस्ता-सागर हाईवे पर भीषण जाम, 12 किमी वाहनों की लंबी कतार
कानपुर के नौबस्ता-सागर हाईवे पर वैवाहिक कार्यक्रमों के कारण 12 घंटे लंबा जाम लग गया। गल्लामंडी से हड़हा गांव तक 12 किलोमीटर के क्षेत्र में वाहन फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हुई।

नौबस्ता- सागर हाईवे पर लगी वाहनों की कतारें। जागरण
HighLights
नौबस्ता-सागर हाईवे पर 12 घंटे का लंबा जाम।
वैवाहिक कार्यक्रमों के कारण यातायात का भारी दबाव।
गल्लामंडी से हड़हा गांव तक 12 किमी कतार।
संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। वैवाहिक कार्यक्रम शुरू होते ही नौबस्ता-सागर हाईवे पर यातायात का दबाव नजर आने लगा है। शुक्रवार को शाम आठ बजे से लगा जाम शनिवार सुबह 10 बजे तक राहगीरों को दर्द देता रहा हैं। नौबस्ता गल्लामंडी समाधि पुलिया से हड़हा गांव तक 12 किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई।
करीब 12 घंटे तक हाईवे पर फंसे वाहन सवार निकलने के लिए जूझते रहे। रातभर हाईवे पर वाहन रेंगते रहे और पुलिस की मशक्कत के बावजूद लोगों को समय रहते राहत नहीं मिल सकी। जिसकी वजह से कई दूल्हे बरात लेकर दुल्हन के दरवाजे देरी से पहुंचे।
तेज सहालग की वजह से शुक्रवार शाम से ही हाईवे पर भारी वाहनों के साथ अन्य गाड़ियों का दबाव बढ़ने लगा था। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लंबी होती चली गई। रात आठ बजे से हाईवे किनारे स्थित एक दर्जन से ज्यादा गेस्ट हाउस के बाहर अगवानी और बरातियों की भीड़ ने स्थित और विकराल कर दी।
रात आठ बजे से ही हाईवे पर भारी वाहन व बारात की वाहनों की कतार लग गई। जिसे दो पहिया वाहन सवार लोगों को भी आगे निकलने की जगह नहीं बची। पुलिस को रातभर सड़क पर उतरकर यातायात संभालना पड़ा। पुलिसकर्मी वाहनों को निकलवाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे। रातभर कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह 10 बजे यातयात बहाल हो सका।
थाना प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शादियों की वजह से रात में कई बार जाम की स्थिति बनी। जिसकी वजह से यातायात की गति धीमी रही। सुबह पूरी तरह से यातायात सामान्य करा दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।