कानपुर में सेवानिवृत्त ईएनटी सर्जन डॉ. नरेश चंद्रा की मौत, स्पीड ब्रेकर पर स्कूटर उछलने से गिरे, आया हार्ट अटैक
कानपुर में बाबूपुरवा थानाक्षेत्र के आनंदपुरी गेट के सामने स्कूटर से गिरने के बाद सेवानिवृत्त इएनटी सर्जन डॉ. नरेश चंद्रा ...और पढ़ें

सेवानिवृत्त ईएनटी सर्जन डॉ. नरेश चंद्रा की फाइल फोटो। स्वजन
जागरण संवाददाता, कानपुर। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में शनिवार शाम आनंदपुरी गेट के सामने स्पीड ब्रेकर पर स्कूटर उछलने के दौरान गिरे सेवानिवृत्त इएनटी सर्जन को हार्ट अटैक आ गया। राहगीरों के सूचना पर पहुंचे स्वजन उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किदवई नगर बी-ब्लाक में रहने वाले 67 वर्षीय डा.नरेश चंद्रा तीन साल पहले केपीएम अस्पताल के सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पूर्व वह उर्सुला अस्पताल में भी कार्यरत रह चुके हैं। परिवार में पत्नी सुनीता गुप्ता, बेटा यश चंद्रा और शादीशुदा बेटी अंकिता हैं। बेटा यश मुंबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी में जाब करता है।
स्वजन ने बताया कि शनिवार शाम नरेश चंद्रा क्लीनिक बंद करने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। आनंदपुरी गेट के सामने पहुंचते ही उनकी तबीयत बिगड़ी जिससे स्कूटर स्पीड ब्रेकर पर उछल गई संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े।
स्वजन का कहना है कि उन्हें अटैक आ गया। सड़क पर गिरने से उनके हाथ और मुंह में चोटें आईं। स्वजन उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
