विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर का पहला सोलर मॉडल ग्राम रामपुर भीमसेन, 1.10 करोड़ की परियोजना, 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र होंगे स्थापित

Published: Sat, 31 Oct 2026 05:32 AM (IST)

कानपुर का रामपुर भीमसेन गांव प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत पहला सोलर मॉडल ग्राम बनेगा। 1.10 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

सोलर माडल गांव बनाए जाने के डीपीआर पर हस्ताक्षर करते जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर। सूचना विभाग

सोलर माडल गांव बनाए जाने के डीपीआर पर हस्ताक्षर करते जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर। सूचना विभाग

HighLights

  1. सूरज की रोशनी से चमकेगा रामपुर भीमसेन, कानपुर का बनेगा पहला सोलर माडल ग्राम

  2. 1.10 करोड़ रुपये की परियोजना, 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र होंगे स्थापित

  3. पंचायत भवन समेत सार्वजनिक परिसंपत्तियां होंगी सौर ऊर्जा से संचालित, डीपीआर को डीएम ने दी मंजूरी

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर नगर का रामपुर भीमसेन गांव जल्द ही सौर ऊर्जा के दम पर नई पहचान बनाएगा। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत इस गांव को सोलर माडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से यहां 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।

शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शिविर कार्यालय में हुई बैठक में परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया।

रामपुर भीमसेन का चयन मई 2025 में सोलर माडल ग्राम के लिए किया गया था। इसके बाद नई दिल्ली की बसुधा फाउंडेशन ने गांव का विस्तृत सर्वेक्षण कर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरइ) के मानकों के अनुरूप डीपीआर तैयार की। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश पांडेय ने इसका प्रस्तुतीकरण किया, जिस पर चर्चा के बाद जिलाधिकारी ने अनुमोदन प्रदान करते हुए संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।


परियोजना के तहत गांव में कुल 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। इसकी अनुमानित लागत 1 करोड़ 28 हजार 13 रुपये है। इसमें 96.62 लाख रुपये केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में मिलेंगे, जबकि 3.65 लाख रुपये का अंशदान स्वयं सहायता समूहों की ओर से किया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद पंचायत भवन सहित अन्य पात्र सरकारी भवनों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों में सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।


प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक सोलर माडल ग्राम विकसित करने की योजना के तहत केंद्र सरकार ने प्रति गांव एक करोड़ रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

रामपुर भीमसेन में इस परियोजना के लागू होने से गांव स्वच्छ ऊर्जा आधारित विकास का माडल बनेगा और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का केंद्र साबित हो सकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, डीपीआरओ मनोज कुमार और डीडीओ आत्म प्रकाश रस्तोगीसहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कानपुर: प्रॉक्सी सर्वर से लाखों फर्जी ईमेल बेचने वाला अंकित शंखवार गिरफ्तार, पाकिस्तान समेत 5 देशों में फैला नेटवर्क

यह भी पढ़ें- पहले प्रेम विवाह, फिर सामूहिक विवाह सम्मेलन में रस्म अदायगी; जींस टॉप में पहुंचीं दुल्हनें, 7 फेरों के बाद भी नहीं भरी मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।