विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rain Alert: कानपुर में मौसम में बदलाव, देर रात तेज बारिश, अब अलर्ट रहने की जरूरत

Published: Sun, 07 Sep 2025 11:19 PM (IST)

Rain Alert Kanpur कानपुर में देर रात मौसम में बदलाव आया। चंद्रग्रहण के बीच जोरदार बारिश हुई जिससे कई इलाकों ...और पढ़ें

कानपुर में देर रात तेज बारिश हुई।
कानपुर में देर रात तेज बारिश हुई।

जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में देर रात मौसम में बदलाव हुआ। चंद्रग्रहण के बीच बादलों ने डेरा डाल लिया। झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में तेज बारिश की वजह से जलभराव हो गया। 

कानपुर में बादलों का डेरा जमने के बाद मौसम ने करवट ली। करीब साढ़े दस बजे आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़कों पर जलभराव हो गया। बारिश की वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहनों को रोकना पड़ गया। गोविंदनगर, रावतपुर सहित कई इलाकों में जलभराव हुआ। 

सुबह वर्षा का दौर थमने का असर तापमान वृद्धि के तौर पर दिखने लगा था। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया। इससे अगले दो से तीन दिन तक तापमान बढ़े रहने के ही आसार हैं। मौसम विभाग ने 11 सितंबर से मौसम बदलने के साथ ही वर्षा का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई थी।

वर्षा के मौसम ने पिछले बीस दिनों से गर्मी पर अंकुश लगा रखा था जो सात सितंबर को टूट गया। इससे पहले 17 अगस्त को दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री रहा है। जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा था। इसके बाद रविवार को ही दिन का अधिकतम तापमान 35.1 पर पहुंचा है।

तापमान में वृद्धि की वजह बीते तीन दिन से वर्षा नहीं होना ही है। बीते बीस दिनों के दौरान तापमान 29 से 34 डिग्री के बीच ही बना रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा है।

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून के सुस्त पड़ते ही भारी बारिश का दौर थम गया है लेकिन 10 सितंबर से माैसम बदलने वाला है। 11 सितंबर से बादलों के आने के साथ ही वर्षा का नया दौर शुरू होगा। वहीं, देर रात बारिश की वजह से अब अनुमान लगाया जा रहा है कि अब आगामी दिन में तेज बारिश होगी।

इधर, कानपुर में गंगा का जलस्तर दूसरी बार चेतावनी बिंदु के पार

 गंगा का जलस्तर शुक्लागंज कानपुर में दूसरी बार चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है। इससे पहले अगस्त में भी यह आंकड़ा चेतावनी बिंदु 113 मीटर को पारकर 113.12 मीटर तक पहुंच गया था। पिछले एक हफ्ते से गंगा का जलस्तर फिर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को जलस्तर शुक्लागंज में 112.83 मीटर था। रविवार को शुक्लागंज में 113.04 मीटर पहुंच गया है। तेजी से गंगा के बढ़ते जलस्तर से अफसरों की धुकधुकी बढ़ गई है। खेतों और रास्तों में पानी भरने लगा है। ऐसे में सिंचाई विभाग और प्रशासनिक अफसर फिर हरकत में आ गए हैं। वहीं, गंगा घाटों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिर से अटल घाट, परमट, भैरोघाट, सरसैया घाट, भगवतदास घाट में सीढ़ियों तक पानी आ गया है। 

यह भी पढ़ें- Akhilesh Dubey Case: अखिलेश दु़बे के भाई और भतीजी की तलाश, वक्फ की जमीन कब्जाने में आरोपित