कानपुर में बुलेट ट्रेन और एलिवेटेड ट्रैक परियोजना को मिलेगी रफ्तार, रेल मंत्री ने बताया प्लान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो 19 नवंबर से नियमित चलेगी। उन्होंने कानपुर में ...और पढ़ें
-1794848920801_m.webp)
ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते रेल मंत्री। इंटरनेट मीडिया
HighLights
कानपुर एक्सप्रेस को रेल मंत्री ने आनंद विहार के लिए हरी झंडी दिखाई।
एलिवेटेड ट्रैक परियोजना का काम जल्द शुरू होगा, डीपीआर तैयार।
बुलेट ट्रेन परियोजना दिल्ली-कानपुर सफर एक घंटे 45 मिनट में।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली कानपुर एक्सप्रेस को रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर आनंद विहार के लिए रवाना किया। दोपहर 3:26 बजे वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये रेलमंत्री ने कानपुर एक्सप्रेस उद्घाटन ट्रेन 04195 को हरी झंडी दिखाई।
दूसरी ओर इस ट्रेन का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया। यह ट्रेन 19 नवंबर यानी गुरुवार से नियमित रूप से संचालित होगी। सांसद रमेश अवस्थी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने सोवेनियर (यादगार) टिकट से फफूंद तक की यात्रा की।
रेल मंत्री बोले- एलिवेटेड ट्रैक का जल्द शुरू होगा काम
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर के लोगों को बधाई दी। कहा कि नई ट्रेन सेवा के शुरू होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को बधाई दी है। रेल मंत्री ने कहा कि यह नई ट्रेन सेवा प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा उद्योग और शैक्षिक केंद्रों में से एक, कानपुर और दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी।
परियोजना के लिए जरूरी मंजूरियां भी मिल गई
रेल मंत्री ने परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण, रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की कानपुर की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करेगा। बताया कि डीपीआर तैयार हो चुकी है। परियोजना के लिए जरूरी मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
नार्थ कारिडोर के विकास में एक नया अध्याय बुलेट ट्रेन परियोजना
रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना पर कहा कि यह नार्थ कारिडोर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। यह प्रस्तावित कारिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को आपस में जोड़ेगी इसके बाद वाराणसी, पटना से गुवाहाटी को जोड़ेगा । बुलेट ट्रेन से दिल्ली और कानपुर के बीच का सफर लगभग एक घंटे 45 मिनट व कानपुर से लखनऊ महज 27 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास पर रेल मंत्री ने कहा कि काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सेंट्रल स्टेशन में कानपुर दिल्ली (आनंद विहार ) एक्स प्रेस काे झंडी दिखाकर रवाना करते सांसद रमेश अवस्थी ,देवेंद्र सिंह भोले ,महापौर प्रमिला पांडेय व विधायक सुरेंद्र मैथानी, स्वप्निल वरुण, आदित्य त्रिवेदी व अन्य अतिथि । जागरण
सेंट्रल स्टेशन पर कानपुर एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि नई ट्रेन के संचालन से कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एक और रेल विकल्प मिल सकेगा। खासकर रात के समय दिल्ली की ओर सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि श्रमशक्ति एक्सप्रेस के बाद कानपुर एक्सप्रेस के संचालन से कानपुर-दिल्ली रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
उप्र श्रमिक बस्ती महासंघ के अध्यक्ष डा. शैलेंद्र दीक्षित ने सांसद रमेश अवस्थी का अभिनंदन कर कहा कि शहर विकास के पथ पर अग्रसर है। विधायक सुरेश मैथानी, रेलवे के जीएम एनपी सिंह, डीआरएम रजनीश अग्रवाल, कमलावती सिंह, स्वप्निल वरुण, अभिनव दीक्षित, आदित्य त्रिवेदी रामबहादुर यादव आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।