Kanpur में UP का पहला नेशनल साइबर रिसोर्स सेंटर स्थापित, हर साल तैयार होंगे 200 साइबर विशेषज्ञ; पुलिस को भी प्रशिक्षण
पीएसआईटी कानपुर में उत्तर प्रदेश का पहला नेशनल साइबर रिसोर्स सेंटर स्थापित किया गया है। यह सेंटर हर साल 200 साइबर विशेषज्ञ तैयार करेगा और पुलिस को भी साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण देगा, जिससे साइबर अपराधों पर लगाम लग सके।

नेशनल साइबर रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ करते संयुक्त पुलिस आयुक्त संतोष कुमार मिश्रा (मध्य में), डा. खलीराज ई नायडू (बाएं) और डा. मनमोहन शुक्ला (दाएं)। संस्थान
HighLights
पीएसआईटी कानपुर में प्रदेश का पहला साइबर सेंटर स्थापित।
हर साल 200 साइबर विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे।
पुलिस को भी साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण मिलेगा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। साइबर अपराधी हर दिन ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और पहचान चोरी जैसे मामलों ने पुलिस के सामने भी नई चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में साइबर अपराधियों से मुकाबले के लिए अब तकनीकी विशेषज्ञों की नई फौज तैयार होगी। प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (पीएसआईटी) में प्रदेश का पहला नेशनल साइबर रिसोर्स सेंटर स्थापित किया गया है।
नेशनल साइबर सिक्योरिटी रिसर्च काउंसिल (एनसीएसआरसी) की ओर से स्थापित इस सेंटर में हर साल 200 साइबर विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे। यहां छात्रों, शिक्षकों और पुलिस को भी साइबर सुरक्षा के टूल और तकनीकों का प्रशिक्षण मिलेगा। बुधवार को सेंटर का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त संतोष कुमार मिश्रा, एनसीएसआरसी के निदेशक डा. खलीराज ई नायडू और पीएसआइटी के वाइस प्रेसिडेंट डा. मनमोहन शुक्ला ने किया।
पुलिस के साथ मिलकर पकड़ेंगे साइबर अपराधी
एनसीएसआरसी के निदेशक डा. खलीराज ई नायडू ने बताया कि सेंटर की ओर से यूपी पुलिस के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। साइबर फ्राड के मामलों में सेंटर के विशेषज्ञ पुलिस को तकनीकी मदद देंगे। इसके लिए जल्द ही प्रदेश के डीजीपी से मुलाकात कर समझौता करने की योजना है। इसके तहत पुलिस और सेंटर मिलकर साइबर अपराधियों की पहचान और उन्हें पकड़ने की दिशा में काम करेंगे। पीएसआइटी के अलावा दूसरे संस्थानों के छात्र और शिक्षक भी प्रशिक्षण ले सकेंगे।
उन्होंने कहा कि देश में साइबर अपराध से निपटने वाले विशेषज्ञों की कमी है, जिसे सेंटर के माध्यम से दूर करने का प्रयास होगा। डा. नायडू ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। साइबर सुरक्षा के कई विशेषज्ञ बेहतर पैकेज के लिए विदेश का रुख करते हैं। वहीं, कुछ प्रतिभाशाली युवा विदेश नहीं जा पाने पर बड़े पैकेज की चाह में गलत राह पकड़ लेते हैं। ऐसे में साइबर सुरक्षा के नए मानक विकसित होने से पहले ही अपराधी ठगी के नए तरीके खोज लेते हैं।
डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कार्रवाई नहीं
संयुक्त पुलिस आयुक्त संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती। यदि कोई फोन या वीडियो काल पर खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट की बात कहे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने छात्रों को एथिकल हैकिंग, डिजिटल फारेंसिक्स और साइबर जांच के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने के लिए कहा। सेंटर में साइबर सिक्योरिटी, नेटवर्क सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग, डिजिटल फारेंसिक्स, साइबर थ्रेट एनालिसिस और डाटा प्रोटेक्शन पर प्रशिक्षण व कार्यशालाएं होंगी।
आईआईटी कानपुर के सीथ्रीआइ हब के डा. आनंद हांडा ने साइबर हमलों की पहचान और डिजिटल सिस्टम सुरक्षित रखने के उपाय बताए। रैकस्पेस टेक्नोलाजी के श्रीराम दीक्षित और एचसीएलटेक के रजत श्रीवास्तव ने भी व्यावहारिक जानकारी दी। पीएसआइटी के चेयरमैन प्रणवीर सिंह ने साइबर सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
साइबर फ्राड से बचने के उपाय
- मोबाइल में आटो डाउनलोड बंद रखें।
- अनजान लिंक और नंबर से आए संदेशों पर क्लिक न करें।
- वेबसाइट का यूआरएल खुद टाइप करके खोलें।
- यूआरएल में असामान्य अक्षर या चिह्न दिखने पर सतर्क रहें।
- ऑनलाइन खरीदारी आधिकारिक वेबसाइट से ही करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।