IIT Kanpur का बड़ा कदम: उड़ान के दौरान नहीं सताएगा विमान के इंजन का शोर, रोल्स-रायस के साथ शुरू हुआ शोध
आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस ने विमान के इंजन से होने वाले शोर को कम करने के लिए एक संयुक्त शोध परियोजना शुरू की है। इसका उद्देश्य उड़ान के दौरान यात्रियों के लिए हवाई यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है, जिस पर छह महीने तक शोध होगा।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस ने संयुक्त शोध शुरू किया।
विमान इंजन के कंपन से होने वाला शोर कम करेंगे।
छह महीने तक चलेगा यह महत्वपूर्ण शोध प्रोजेक्ट।
विवके मिश्र, कानपुर। अब हवाई यात्रा और ज्यादा आरामदायक होगी। उड़ान के दौरान इंजन की आवाज से यात्रियों को जो परेशानी होती है, उसे दूर करने के लिए आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) और रोल्स-रायस कंपनी मिलकर छह महीने तक इस बात पर शोध करेंगे कि इंजन का कंपन केबिन के अंदर कैसे शोर पैदा करता है और उसे कैसे कम किया जा सकता है।
आईआईटी और रोल्स-रायस ने इंजन के कंपन से होने वाले शोर पर संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके लिए विमान के ढांचे का एक माडल बनाया जाएगा, जो उड़ान के दौरान विमान की स्थिति को दर्शाएगा। इसमें कंपन पैदा करने वाली मशीन और आवाज़ व कंपन को मापने वाले सेंसर लगाए जाएंगे। परियोजना का पहला चरण शुरू हो गया है।
टेक्नोपार्क आडिटोरियम में आयोजित समारोह में नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर, आईआईटी के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, रोल्स-रायस पीएलसी के एसोसिएट फ़ेलो (रोटर डायनेमिक्स) डा. एंडी रिक्स, रोल्स-रायस के प्रोग्राम मैनेजर राघवेंद्र सरूर ने प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दोनों टीमों के बीच खरीद आदेश का हस्तांतरण और परीक्षण व्यवस्था का उद्घाटन भी किया गया।

आइआइटी के टेक्नाेपार्क आडिटोरियम में रिसर्च प्रोजेक्ट के शुभारंभ समारोह में मौजूद अतिथि। संस्थान
इस सहयोग से दोनों संस्थानों की शोध क्षमताओं और प्रयोगात्मक सुविधाओं को विमानन, रक्षा, समुद्री और औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाली वैश्विक इंजीनियरिंग कंपनी रोल्स-रायस की इंजीनियरिंग विशेषज्ञता के साथ जोड़कर विमान के केबिन में शोर से जुड़े शोध को आगे बढ़ाया जाएगा।
बता दें, आईआईटी के आइओटीए (इंटरफेस आफिस फार टेक्नोलाजी अप्लीकेशंस) कार्यालय के अथक प्रयासों से वर्ष 2026 की शुरुआत में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ, जिसके माध्यम से शोध, संयुक्त परियोजनाओं, इंटर्नशिप, जानकारी के आदान-प्रदान और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग किए जाने पर सहमति बनी। यह भारत में रोल्स-रायस और किसी शैक्षणिक संस्थान के बीच पहली साझेदारी भी है।
रोल्स-रायस में शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम करने की हमारी पुरानी परंपरा रही है। इसके माध्यम से हम कौशल विकास को बढ़ावा देते हैं, शोध को आगे बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली लोगों को तैयार करते हैं। हमें भारत में आईआईटी के साथ साझेदारी करके खुशी हो रही है। इस तरह के सहयोग नवाचार के लिए एक मजबूत साझा व्यवस्था तैयार करने और उन्नत इंजीनियरिंग, शोध तथा विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
शशि मुकुंदन, कार्यकारी उपाध्यक्ष, रोल्स-रायस इंडिया।
इंजन के कंपन से होने वाला शोर विमान के केबिन में यात्रियों के आराम को प्रभावित करता है। इस परियोजना में गणितीय पद्धति के साथ प्रयोगों के जरिए भी अध्ययन किया जाएगा। आईआईटी में तैयार की गई विशेष परीक्षण व्यवस्था से दोनों टीमें ऐसे भरोसेमंद नतीजे प्राप्त करने का प्रयास करेंगी, जो कंपन के फैलने और शोर कम करने के उपायों पर आगे के शोध में मददगार होंगे। इस सहयोग से संस्थान की शोध क्षमताओं को उद्योग की जरूरतों से जोड़ने और नई तकनीकों को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे।
प्रो. मणींद्र अग्रवाल, निदेशक, आईआईटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।