पद्म श्री नलिनी और कमलिनी अस्थाना ने दी बड़ी सीख, इंटरनेट मीडिया विनाशकारी, गुरु परंपरा से ही निखरती है कला
पद्म श्री नलिनी और कमलिनी अस्थाना ने कथक में अपनी यात्रा, चुनौतियों और कला पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कला के विकास के लिए गुरु परंपरा के महत्व पर जोर दिया और इंटरनेट मीडिया के नकारात्मक प्रभाव पर चिंता व्यक्त की।

पद्मश्री कथक नृत्यांगना नलिनी और कमलिनी अस्थाना। संजय यादव
HighLights
गुरु परंपरा कला के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इंटरनेट मीडिया से मिल रही विवेकहीन शिक्षा विनाश की ओर ले जा रही।
शास्त्रीय नृत्य में फ्यूजन परंपरा का निर्वहन करते हुए हो।
जागरण संवाददाता, कानपुर। 12 ज्योतिर्लिंग से लेकर कैलाश मानसरोवर में कथक नृत्य की प्रस्तुति देने का विश्व रिकार्ड बनाने वाली आगरा की बहनों की जोड़ी ने, जिनके लिए घुंघरुओं की झंकार में साधना, भावों की अभिव्यक्ति में संवेदना और कदमों की लय में जीवन का दर्शन है। हालांकि बचपन में एक बहन खेल में चैंपियन थीं, तो दूसरी पढ़ाई और डिबेट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। अपने क्षेत्र में अव्वल रहने की धारणा इसी दौरान भीतर विकसित हो गई थी। तभी भेंट हो गई बनारस घराने के गुरु जितेंद्र महाराज जी से।
इसके बाद इस जोड़ी ने कथक नृत्य के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी कला का डंका बजाया। हम बात कर रहे हैं एक राशि, एक परिवार, एक गुरु और एक ही गृहदशा वाली पद्म श्री से सम्मानित बहनों की जोड़ी नलिनी और कमलिनी अस्थाना की। उनका मानना है कि इंटरनेट मीडिया से विवेकहीन शिक्षा मिल रही है, जो लोगों को विनाश की ओर ले जा रही है। जागरण संवाददाता आलोक तिवारी ने उनसे खास बातचीत की। पेश है बातचीत के मुख्य अंश...
- कथक की दुनिया में आप दोनों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। इस लंबे सफर में सबसे बड़ी चुनौती क्या रही ?
- मुस्कुराते हुए बोलीं... जैसा आपका भाग्य होता है वैसी आपकी बुद्धि हो जाती है और वैसे ही आपके जीवन को दिशा मिलती है। ईश्वर ने यदि आपके लिए कोई पात्रता ढूंढी है तो उसकी कठिनाइयां भी आपको आनंदित करती हैं। मुश्किलें भी आसान लगती हैं। कुछ ऐसा ही हम दोनों के साथ हुआ। कभी अगर कठिनाई आई भी तो हम दोनों एक दूसरे का सहारा बने। हमारी जोड़ी में सबसे बड़ा योगदान हमारे गुरुजी का है, जिन्होंने हमें युगल नृत्यांगना बनाया। उन्होंने बोल भी ऐसे गढ़े, जिससे हम एक जोड़ीदार के रूप में प्रसिद्धि मिली।
- इंटरनेट मीडिया के दौर में युवाओं की रुचि बदल रही है। ऐसे में कथक का भविष्य आप कैसे देखती हैं?
- देखिए, इंटरनेट मीडिया पर लोग तुरंत प्रसिद्धि पाना चाहते हैं, जो असंभव है। किसी चीज की बोआई और काटने का एक निश्चित समय होता है। हर चीज प्राकृतिक नियमों से बंधी हुई है और हमारा नृत्य वाद-संवाद भी प्रकृति से ही प्रेरित है। कला की ही एक ऐसी चीज है, जिसे आपके गुरु ही भीतर से बाहर निकाल सकते हैं। सहनशीलता, संवेदना और समझ के करने की क्षमता ही गुरु परंपरा है। जब आप किसी निर्जीव चीज से ज्ञान लेते हैं तो वह संवेदनाहीन होती है। तकनीक का इस्तेमाल किसी कला का प्रचार करने के लिए कर सकते है, लेकिन उससे सीख नहीं सकते।
- कथक में आधुनिक प्रयोग और फ्यूजन का चलन बढ़ रहा है। क्या इससे शास्त्रीय नृत्य की मूल पहचान प्रभावित हो रही है?
- इसको ऐसे समझिए कि जैसे हम देवी का जागरण करते हों तो उसमें एक परंपरा से देवी का आह्वान होता है। इसी तरह रामायण की चौपाइयों को गाने का भी एक तरीका है। ठीक इसी तरह शास्त्रीय नृत्य एक परंपरा है। इसे बदला नहीं जा सकता है। फ्यूजन को आप परंपरा का निर्वहन करते हुए आधुनिकता से जोड़ सकते हैं।
- मंच पर आप दोनों के बीच अद्भुत तालमेल दिखाई देता है। क्या कभी रचनात्मक मतभेद भी होते हैं?
- देखिए, अगर मतभेद न हो तो रचनात्मकता नहीं आ सकती। वास्तव में हम दोनों एक दूसरे का आईना है और दूसरे के भीतर की कमी को पूरा करते हैं। नृत्य करने के दौरान हम दोनों अलग-अलग स्टेप करते थे। हमारे रेफरी गुरुजी होते थे, जो हम दोनों के स्टेप को समाहित करके एक तीसरी स्टेप तैयार करते थे। शायद हम दोनों की बेहतरी का यही राज है। आप ऐसे समझिए जैसे शरीर में दो हाथ हैं, दो पैर हैं और दो आंखें हैं, उसी तरह हम दोनों हैं। सिर्फ मंच पर ही नहीं बल्कि जीवन में हम दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।
- भारतीय और विदेशी दर्शकों की शास्त्रीय नृत्य के प्रति समझ और स्वीकार्यता में क्या अंतर महसूस किया है?
- एक होता जानकर प्रेम करना और एक होता है अनजाने में प्रेम करना। बस दोनों में इतना ही अंतर है। आपको शास्त्रीय संगीत जो कैसेट और सीडी भारत में नहीं मिलेगी, वह विदेश में मिल जाएंगी। हमने हमेशा पूरे मानव समाज के उत्थान के बारे में सोचा। विदेशी भारतीय कला और नृत्य से बहुत प्रेरित हैं, जैसे हमारे यहां के युवा पश्चिमी संस्कृति को।
- शास्त्रीय नृत्य को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर क्या प्रयास हो रहे हैं? नई पीढ़ी को कथक से जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर क्या पहल होनी चाहिए?
- नंगे पैर नृत्य करने के पीछे भी एक विज्ञान है। इससे हमारे एक्यूप्रेशर प्वाइंट सक्रिय होते हैं, जो हमें स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। ऐसी ही हर भारतीय कला के पीछे का कुछ न कुछ अच्छाई छिपी है। युवाओं को शास्त्रीय नृत्य और संगीत के मूल्यों का सिर्फ बोध कराना होगा, वह खुद ही इससे प्रेरित हो जाएंगे। जहां तक सरकार से मदद की बात है तो पहले कलाकारों को इस लायक बनना होगा। सरकार हम कलाकारों की मदद के लिए तत्पर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।