यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
NEET परीक्षा से एक दिन पहले छात्रा ने आत्महत्या की, पंखे पर लगाया फंदा; शव देख फफक पड़े परिजन
कानपुर में नीट परीक्षा से एक दिन पहले एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। नूपुर नाम की यह छात्रा जीवन ...और पढ़ें

HighLights
- NEET की परीक्षा से एक दिन पहले छात्रा ने किया सुसाइड
- कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर दी जान
- जिंदगी में सफल होना चाहती थी छात्रा नूपुर
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में नीट परीक्षा के एक दिन पहले छात्रा ने खुदकुशी कर ली। छात्रा नुपुर जिंदगी में सफल होना चाहती थी, शायद यही वजह थी कि पढ़ने वाली मेज के सामने दीवार पर एक पर्ची चिपका रखी थी, जो उसे सफलता के लिए प्रेरित करती रहे।
उस पर्ची में लिखा था...आई वाना विन एंड आई विल विन। फिर ऐसा क्या उसके मन में आया, जो उसने यह गलत कदम उठा लिया। यही सवाल वहां मौजूद हर शख्स के मन में रह रहकर उठते रहे।
पढ़ने में मेधावी थी नूपुर
शनिवार को फॉरेंसिक टीम ने कमरे की पड़ताल की, तो उन्हें कमरे में नीट से जुड़ी किताबें और उसकी डायरी, रजिस्टर रखे मिले। छात्रा के स्वजन ने बताया कि नूपुर मेधावी थी और डॉक्टर बनना चाहती थी। दो साल पहले इलाके के ही एक पब्लिक स्कूल से उसने बारहवीं की परीक्षा बहुत अच्छे नंबरों से पास की थी।
बेटी के शव से लिपट कर बिलख रही मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह बार बार कहतीं रही कि आखिरकार कहां कमी रह गई, जो तुमने यह कर डाला। उन्होंने कहा कि एक घंटा पहले बेटी से फोन पर बात हुई थी। बोलीं कि अंदाजा होता तो उसे ऐसा करने से रोक लेती। यही हाल पिता का था, उनकी आंखों से भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
डायरी के पन्ने पर अंग्रेजी में लिखा, फिर काट दिया
फॉरेंसिक जांच के दौरान ही टीम को एक डायरी खुली हुई मिली, जिसमें अंग्रेजी में छात्रा नूपुर ने अपनी उम्र और राशि का जिक्र करते हुए काफी कुछ लिखा और फिर उसे काट दिया। हालांकि किसी भी लाइन में उसके आत्महत्या जैसे कदम उठाने का कोई जिक्र तक नहीं किया गया मिला। मौके पर पहुंचे जनता नगर चौकी इन्चार्ज कमलदीप सिंह ने जांच के लिए छात्रा के लिखे पेज की फोटो खींची है।
