मोहसिन रजा ने सपा को बताया धर्म के आधार पर बांटने वाली पार्टी, भाजपा सरकार की तारीफ
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने कानपुर में भाजपा सरकार को भयमुक्त माहौल देने वाला बताया और 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत की सराहना की। उन्होंने सपा पर जाति-धर्म के आधार पर बांटने और अयोध्या में रामसेवकों पर कार्रवाई कर अपनी बुनियाद खड़ी करने का आरोप लगाया।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा। जागरण
HighLights
भाजपा सरकार ने प्रदेश को भयमुक्त माहौल दिया, निवेश बढ़ा।
सपा पर जाति-धर्म के आधार पर बांटने का आरोप लगाया।
अयोध्या रामसेवकों पर कार्रवाई के लिए सपा को जिम्मेदार ठहराया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को भयमुक्त माहौल दिया है। आज दूसरे राज्यों और दूसरे देशों तक से व्यापारी यहां निवेश करने से नहीं कतराते हैं। प्रदेश की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के फार्मूले पर चल रही है। इसका कोई मुकाबला नहीं कर सकता। खास करके जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने वाले कभी इस संस्कृति की बराबरी नहीं कर पाएंगे। आरोप लगाया कि सपा खुद ऐसी पार्टी है, जिसका जन्म ही हिंदुओं की लाशों और खून पर हुआ है।
यह बात अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं। वह तकिया पार्क पुलिस चौकी के ठीक बगल में रहने वाले पूर्व हज कोआर्डिनेटर ओसामा अजीज के घर शिष्टाचार भेंट करने पहुंचे थे।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर के लिए जाने वाले रामसेवक और कारसेवक पर लाठी और गोली चलाकर और मरवाकर उनकी लाशों और खून पर सपा ने अपनी बुनियाद खड़ी की है। ऐसे लोग धर्म की बातें करते हैं। इसी क्रम में उन्होंने असदुद्दीन ओवैशी के बयानों को लेकर कहा कि वह ओवैशी के बयानों को गंभीरता से नहीं लेते। लोगों का भविष्य भाजपा में है। इसके बाद वह सचिव जूही स्थित इजहार रिजवी के आवास भी परिजनों से मिलने पहुंचे।