विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर से दीपदान के बीच सपा की सियासी हुंकार, चुनावी तैयारी का संदेश

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:26 PM (IST)

कानपुर में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा ने शक्ति प्रदर्शन किया और 2027 के चुनावों के लिए संदेश दिया। नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया, जिसमें धर्मेंद्र यादव ने इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत का दावा किया।

पत्रकारों से वार्ता करते सांसद धर्मेंद्र यादव। सपा

पत्रकारों से वार्ता करते सांसद धर्मेंद्र यादव। सपा

HighLights

  1. मुलायम सिंह यादव जयंती पर कानपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन।

  2. धर्मेंद्र यादव ने 2027 में इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत का दावा किया।

  3. सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जन्मतिथि रविवार को कानपुर में श्रद्धांजलि के साथ संगठन के शक्ति प्रदर्शन और 2027 के चुनावी संदेश का अवसर बनी। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में नेताओं ने एकजुटता दिखाई, सेवा कार्य किए और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

मैस्कर घाट पर मां गंगा को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई और 11 हजार दीप जलाए गए। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव कार्यक्रम में शामिल हुए। राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. नीतेंद्र यादव और राष्ट्रीय सचिव अपर्णा बंसल जैन के संयोजन में हुए आयोजन के बाद घाट दीपों से जगमगा उठा। विशाल भंडारा भी हुआ।

धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़ी जीत दर्ज करेगा और प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि 2027 में गठबंधन का समन्वय 2024 से बेहतर होगा। सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला गठबंधन की समितियां लेंगी, जबकि उत्तर प्रदेश में सीधी लड़ाई सपा और भाजपा के बीच है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपने पुरखों के आदर्शों को भूल गई है। उनके अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी के दौर की राजनीति में मर्यादा और वैचारिक स्तर था, जबकि अब अमर्यादित और अराजक तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।

अखिलेश यादव की धार्मिक आस्था पर सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी श्रद्धा किसी प्रमाण की मोहताज नहीं है और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था उनका व्यक्तिगत विषय है। विरोधी नेताओं के आजमगढ़ दौरों पर उन्होंने कहा कि ऐसे नेता पहले भी पूर्वांचल में दौरे कर चुके हैं और अपने बेटे को चुनाव लड़ाया, लेकिन घोसी में उन्हें सबसे बड़ी हार मिली। उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

पदयात्रा निकाली तो कहीं बांटा बूंदी-हलवा

शहर के अन्य आयोजनों में भी 2027 का संदेश प्रमुखता से उभरा। श्यामलाल पाल ने मुलायम सिंह यादव के समाजवादी विचारों और गरीबों, किसानों तथा वंचित वर्ग के लिए उनके संघर्ष को याद किया। महानगर कार्यालय में अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होने और पीडीए का संदेश घर-घर पहुंचाने को कहा। बिठूर के कठारा गांव में बृजेन्द्र यादव एडवोकेट की जनता हुंकार परिवर्तन रैली में हजारों लोगों ने 2027 में सपा सरकार बनाने की शपथ ली और क्षेत्र की जनसमस्याएं उठीं।

महाराजपुर में महिमा सिंह यादव ने संविधान बचाओ-पीडीए पदयात्रा निकाली। विधायक अमिताभ बाजपेई ने घंटाघर पर बूंदी-हलवा बांटा। गोविंदनगर में सम्राट विकास यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

युवजन सभा अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी ने नौबस्ता में चाय-बिस्कुट बांटे। उर्सला अस्पताल, एहसान करीम अस्पताल और कैनाल रोड पर फल वितरण तथा रक्तदान जैसे सेवा कार्य भी हुए। पूरे दिन श्रद्धांजलि के साथ संगठन विस्तार और चुनावी तैयारी का संदेश प्रमुख रहा।

यह भी पढ़ें- कानपुर में नगर कीर्तन में हंगामा, दो पक्ष भिड़ें, एक के सीने में मारी कृपाण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।