विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी के जन्मदिन पर घर लौटने का वादा कर लापता हुआ युवक, कानपुर के अरौल में पेड़ से लटका मिला शव

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:26 PM (IST)

कन्नौज के छिबरामऊ से 10 दिन से लापता एक युवक का शव अरौल में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे किनारे नीम के पेड़ ...और पढ़ें

पति राजेश की मौत के बाद घटनास्थल पर बिलखती पत्नी। जागरण

पति राजेश की मौत के बाद घटनास्थल पर बिलखती पत्नी। जागरण 

संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। अरौल में कानपुर- अलीगढ़ हाईवे के किनारे हिंदूपुर मोड़ पर मंगलवार सुबह नीम के पेड़ से 10 दिन से लापता कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र निवासी एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की वहीं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी ने बताया कि सोमवार की शाम मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में पति ने मंगलवार को उनके जन्मदिन पर घर लौटने का वादा किया था।


मंगलवार सुबह कानपुर- अलीगढ़ हाईवे के किनारे हिंदूपुर मोड़ पर नीम के पेड़ पर युवक का शव शर्ट के सहारे फंदे से लटका देख राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव के पास पुलिया की चाहरदीवारी पर युवक का पर्स, मोबाइल, ट्रेन की टिकट व अन्य सामान रखा मिला। पास में मिले मोबाइल से मृतक की पहचान कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के रतनपुर निवासी 43 वर्षीय राजेश सिंह पुत्र शिवदयाल सिंह यादव के रूप में हुई।

मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी वेदिका ने बताया कि करीब 10 दिन पहले राजेश भैंस की पड़िया बेचने के लिए भोगांव के दलपतपुर बाजार गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने पर तीन अक्टूबर को छिबरामऊ में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

पत्नी के अनुसार राजेश कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। परिवार में पत्नी वेदिका और 10 वर्षीय बेटी विदुषी हैं। राजेश खेती करते थे, जबकि उनकी पत्नी छिबरामऊ के एक इंटर कालेज में प्राइवेट शिक्षिका हैं।


मंगलवार को ही पत्नी वेदिका का जन्मदिन था। सोमवार शाम करीब आठ बजे उनकी राजेश से फोन पर बातचीत हुई थी। वेदिका ने उन्हें जन्मदिन पर घर आने के लिए कहा था। राजेश ने भी घर लौटकर धूमधाम से जन्मदिन मनाने की बात कही थी।

मंगलवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचे और पत्नी ने फोन किया तो पुलिस ने फोन उठाकर उन्हें अरौल थाने पहुंचने की जानकारी दी। थाने पहुंचने पर वेदिका को पति के फंदे से लटकने की जानकारी हुई। घटना के बाद पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।


पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि पूछताछ में पत्नी ने मृतक के कुछ दिन से अवसाद में रहने और 10 दिन से घर से लापता होने की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur झकरकटी बस अड्डे की बदलेगी तस्वीर, 166 करोड़ से बनेगा 300 मीटर लंबा फ्लाईओवर, रेलवे ब्रिज से मिलेगी कनेक्टिविटी

यह भी पढ़ें- कानपुर में बनेगा नया शहर! 6700 एकड़ में बसेंगी 3 नई सिटी, न्यू कानपुर सिटी दीपावली पर लॉन्च करने की तैयारी