विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारात की हो चुकी थी तैयारी, शादी के कार्ड भी छप चुके... मंगेतर से विवाद के बाद इकलौते बेटे ने दे दी जान

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:49 PM (IST)

कानपुर में शादी की तैयारियों के बीच एक युवक ने मंगेतर से विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। ...और पढ़ें

मृतक फरियाद अहमद की फाइल फोटो। स्वजन

मृतक फरियाद अहमद की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. युवक ने मंगेतर से विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दी।

  2. 14 दिसंबर को होनी थी शादी, घर में पूरी तैयारी हो चुकी थी।

  3. कानपुर के जाजमऊ थानाक्षेत्र की दीदार बस्ती में हुई घटना।

जागरण संवाददाता, कानपुर। घर में शादी की खुशियां थीं। आंगन में शहनाई गूंजने का इंतजार था। शादी के कार्ड छप चुके थे, बारात ले जाने के लिए बस की एडवांस बुकिंग हो गई थी और दुल्हन के लिए खरीदारी भी पूरी हो चुकी थी। परिवार को इंतजार था तो बस 14 दिसंबर का। जब इकलौता बेटा दूल्हा बनकर बारात लेकर निकलता, लेकिन किसे पता था कि खुशियां मातम में बदल जाएंगी। मंगलवार देर रात जाजमऊ की दीदार बस्ती में 21 वर्षीय फरियाद अहमद उर्फ सुल्तान ने फांसी लगाकर जान दे दी।

मूलरूप से गोंडा के मनकापुर निवासी सिराज अहमद 20 वर्षों से परिवार के साथ शहर में रह रहे थे। परिवार में पत्नी राबिया खातून, इकलौता बेटा फरियाद और एक बेटी है। सिराज और फरियाद कबाड़ की फेरी लगाते थे। पिता सिराज ने बताया कि मंगेतर से विवाद होने पर फरियाद कई बार मोबाइल बंद कर लेता था। समझाने पर शांत हो जाता था। उन्हें क्या पता था कि एक दिन यही विवाद उनके घर का चिराग छीन लेगा।

घटना से पहले फरियाद का मंगेतर से फोन पर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने खाना खाया और दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद बेटी कंबल लेने कमरे में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर जवाब नहीं मिला। पत्नी ने धक्का देकर दरवाजा खोला तो फरियाद का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला, जिससे उसकी चीख निकल गई।

आनन-फानन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से कांशीराम अस्पताल भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जाजमऊ थानाप्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि मंगेतर विवाद के फंदा लगाकर जान देने की बात सामने आई है। परिवार वालों के तहरीर देने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, बीमारी से परेशान वेल्डिंग कारीगर समेत दो ने की आत्महत्या

कर्नलगंज के न्यू ईदगाह कालोनी निवासी 52 वर्षीय नूरअली उर्फ गुड्डू वेल्डिंग कारीगर थे। छोटे भाई राजू ने बताया कि वह पांच साल से अवसाद में चल रहे थे। एलएलआर अस्पताल में उनका इलाज भी चल रहा था। मंगलवार को पत्नी शबाना बच्चों के साथ किसी काम से बाहर गई थीं। घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा दिया था। देर रात ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो कमरे में पति का शव रस्सी के सहारे लटका मिला।

वहीं गोविंद नगर थानाक्षेत्र के दादा नगर 11 ब्लाक में रहने वाले 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अनिल सविता ने देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। बड़े भाई सत्येंद्र ने बताया कि अनिल की शादी की बातचीत चल रही थी। उसने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें- बेशर्म हो गए हो, ये हालत बनाकर रखी है आपने... चकरपुर मंडी में गंदगी देख मंडी सचिव पर भड़के मंडी निदेशक

यह भी पढ़ें- कानपुर में रातभर धधकती रही इंक फैक्ट्री, सुबह फिर भड़की आग; 20 फैक्ट्री और हॉस्टल खाली, केमिकल ड्रम फटने से दहशत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।