विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेशर्म हो गए हो, ये हालत बनाकर रखी है आपने... चकरपुर मंडी में गंदगी देख मंडी सचिव पर भड़के मंडी निदेशक

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:02 PM (GMT+05:30)

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने चकरपुर मंडी में गंदगी देख अधिकारियों को जमकर फटकारा ...और पढ़ें

HighLights

  1. निदेशक ने चकरपुर मंडी में गंदगी देख अधिकारियों को फटकारा।

  2. मंडी सचिव को डंडा देकर नाली की सफाई चेक कराई।

  3. दो अधिकारियों को नोटिस, 10 दिन में सुधार का अल्टीमेटम।

जागरण संवाददाता, कानपुर। चकरपुर मंडी में सफाई व्यवस्था की बदहाली देखकर राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह का पारा चढ़ गया। बुधवार सुबह करीब 11 बजे औचक निरीक्षण करने पहुंचे निदेशक को मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर और कचरे से पटी नालियां मिलीं। सफाई व्यवस्था की यह तस्वीर देखकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

नाराजगी जताते हुए यहां तक कह दिया, 'बेशर्म हो गए हो, भांग पी रखी है... ये हालत बनाकर रखी है आपने।' उन्होंने मंडी सचिव विजिन कुमार बालियान को डंडा देकर नाली में भरे कचरे की स्थिति तक चेक कराई। बदहाल व्यवस्था पर दो अधिकारियों को नोटिस जारी कर 10 दिन में सुधार का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में कई स्थानों पर कूड़ा फैला मिला। नालियां कचरे से चोक थीं और लंबे समय से उनकी सफाई नहीं होने की स्थिति नजर आई। इस पर निदेशक ने उपनिदेशक प्रशासन (विपणन) संजय कुमार सिंह और मंडी समिति सचिव विजिन कुमार बालियान को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सवाल किया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर हर महीने पर्याप्त धनराशि खर्च होने के बावजूद मंडी की ऐसी हालत कैसे हो गई।

उन्होंने तत्काल नालियों की सफाई, कूड़े का नियमित उठान और पूरे परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। मंडी में बिजली के पोल भी झुके हुए मिले। इस पर विद्युत यांत्रिक उपनिदेशक वीरेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। निदेशक ने मंडी परिसर में अतिक्रमण हटाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

15 दिन में पूरा कराएं नीलामी चबूतरा

निदेशक ने मंडी परिसर में पीपीपी माडल पर निर्माणाधीन 10 सीटों वाले सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर गुणवत्ता और मानकों का ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्माणाधीन नीलामी चबूतरे का काम 15 दिन में पूरा कराने को कहा। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा में काम पूरा कराने की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी।

व्यापारियों ने उठाई पेयजल और बिजली की समस्या

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने व्यापारियों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। व्यापारियों ने मंडी में अतिरिक्त वाटर कूलर लगवाने की मांग की। फिलहाल परिसर में छह वाटर कूलर क्रियाशील हैं। व्यापारियों ने यह भी बताया कि मंडी की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से जुड़ी है, जिससे परेशानी होती है। उन्होंने मंडी को शहरी फीडर से जोड़ने की मांग उठाई।

निदेशक ने दोनों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में सितंबर-अक्टूबर से 'स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी' अभियान चलाया जा रहा है। चकरपुर मंडी में अभियान के बावजूद सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। 28 नवंबर को निदेशालय की टीम दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेगी।

10 दिन में कमियां दूर नहीं हुईं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वच्छता अभियान में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- UP Politics: यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर कांग्रेस की क्या है रणनीति? सपा से गठबंधन और सीटों पर कानपुर अध्यक्ष का जवाब

यह भी पढ़ें- कानपुर में रातभर धधकती रही इंक फैक्ट्री, सुबह फिर भड़की आग; 20 फैक्ट्री और हॉस्टल खाली, केमिकल ड्रम फटने से दहशत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।