कानपुर की 'लुटेरी दुल्हन'... 7 फेरों के बंधन से ठगी का कारनामा, अब परिवार के साथ जेल ठिकाना
कानपुर पुलिस ने 'लुटेरी दुल्हन' प्रगति विश्वकर्मा और उसके परिवार के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्रगति पर दो शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर चौथे युवक के साथ लिव-इन में रहने का आरोप है।

लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा।
HighLights
लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा और छह परिजन गिरफ्तार।
दो शादियां छिपाकर तीसरे पति से की थी ठगी।
चौथे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बर्रा पुलिस सात फेरों के पवित्र बंधन को ठगी का जरिया बनाने वाली लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा के कारनामे सामने आने के बाद हैरान रह गई। तीन शादियां करने के बाद वह चौथे युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस ने प्रगति, उसके माता-पिता समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं, उसकी एक मौसी और मामी की तलाश की जा रही है। पहले से दो शादियां करने का राज खुलने के बाद तीसरे पति सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा कराया था।
बर्रा थानाप्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि डी-ब्लाक विश्व बैंक निवासी आटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कालोनी निवासी प्रगति से गोविंद नगर के करन बैंक्वेट हाल में हुई थी।
विशाल का आरोप है कि शादी के एक महीने बाद ही 18 जून 2026 को प्रगति करीब 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई। काफी तलाश और छानबीन के बाद उसे पता चला कि प्रगति पहले भी दो शादियां कर चुकी है और इसकी जानकारी उससे छिपाई गई।
प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी। इसके बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली। यह भी आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को वह अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा और पूर्व की शादियां छिपाने पर जवाब मांगा।
इस पर परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। प्रगति की मां ने मामला दबाने के नाम पर 20 लाख रुपये की मांग की। इन्कार पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद सर्वेयर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच में सामने आया कि आरोपित प्रगति तीसरे पति को छोड़कर चौथे युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है।
इस पर जूही लाल कालोनी निवासी प्रगति के साथ उसे गोद लेने वाले पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा और अर्रा केडीए कालोनी में रहने वाली सगी मां सोमवती, मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। अशोक और सीमा रिश्ते में प्रगति के मौसा-मौसी भी हैं।
वहीं, उसकी एक अन्य मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा अभी फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार सभी आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 21 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव
यह भी पढ़ें- रेलवे ने यात्रियों को दी राहत, कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा, यहां जानें ट्रेन और रूट का पूरा शेड्यूल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।