Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर चिड़ियाघर के पर्यटकों के लिए अच्छी खबर, इस दिन खुलेगा, बर्ड फ्लू का खतरा नहीं

    By daud khan Edited By: Anurag Shukla1
    Updated: Tue, 01 Jul 2025 08:48 PM (IST)

    चिड़ियाघर इस सप्ताह खुल जाएगा। वन्यजीवों में संक्रमण नहीं होने की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। बर्ड फ्लू फैलने के बाद रेड जोन घोषित कर 13 मई को बंद कर दिया गया। भोपाल से 12 वन्यजीवों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। किसी में भी बर्ड फ्लू नहीं पाया गया।

    Hero Image
    कानपुर चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए अगले सप्ताह खुलेगा।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। 49 दिन से बंद कानपुर चिड़ियाघर के खुलने की उम्मीद है। चिड़ियाघर इस सप्ताह दर्शकों के लिए खुल जाएगा। यहां से राष्ट्रीय उच्च पशु रोग संस्थान भोपाल भेजी गए 12 वन्यजीवों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। इनमें किसी भी वन्यजीव में बर्ड फ्लू नहीं पाया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चिड़ियाघर प्रशासन ने बताया कि रिपोर्ट से शासन को भी अवगत करा दिया गया है। चिड़ियाघर को इस सप्ताह खोलने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शासन के आदेश की प्रतीक्षा हो रही है। शासन स्तर पर अनुमति मिलने के बाद यहां दर्शक सैर करने आ सकेंगे।

    गोरखपुर से भेजा गया था शेर पटौदी

    गोरखपुर चिड़ियाघर से शेर पटौदी को इलाज के लिए शहर के चिड़ियाघर भेजा गया था। उसमें बर्ड फ्लू का संक्रमण मिलने के बाद चिड़ियाघर को रेड जोन घोषित कर 13 मई को बंद कर दिया गया। शेर पटौदी की बर्ड फ्लू से मौत हो गई। इसके बाद एक मोर की भी बर्ड फ्लू से मौत हो गई। वन्यजीव की मौत होने के बाद यहां केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण किया और वन्यजीवों के नमूने जांच के लिए लिए। प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव ने भी निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    बरेली और भोपाल भेजे गए थे सैंपल

    चिड़ियाघर से कई चरणों में वन्यजीवों की नमूने लेकर जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान( आइवीआरआइ) बरेली व राष्ट्रीय उच्च पशु रोग संस्थान भोपाल भेजे गए। दोनों संस्थान से आई रिपोर्टों में किसी वन्यजीव में बर्ड फ्लू नहीं पाया गया। कुछ दिन पहले 12 वन्यजीवों के नमूने जांच को भेजे गए थे, उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। क्षेत्रीय वन अधिकारी नवेद इकराम ने बताया कि शासन को चिड़ियाघर की स्थिति से अवगत करा दिया गया है। शासन का आदेश मिलने पर चिड़ियाघर को इसी सप्ताह दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।