कानपुर के युवाओं को विदेश में नौकरी का मौका, मारीशस में सौ से अधिक पदों पर होगी भर्ती
भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय के सहयोग से कानपुर के युवाओं को मॉरीशस में 100 से अधिक पदों पर नौकरी का अवसर मिल रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को मुफ्त प्रशिक्षण और ₹44,000 से ₹50,000 तक मासिक वेतन मिलेगा।

HighLights
मॉरीशस में 100 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर।
चयनित युवाओं को ₹44,000 से ₹50,000 मासिक वेतन।
भाषा प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सहायता पूरी तरह मुफ्त।
जागरण संवाददाता, कानपुर। विदेश में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए मारीशस का रास्ता खुल रहा है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, स्किल इंडिया और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएसडीसी) के सहयोग से युवाओं को वहां रोजगार दिलाने की पहल की गई है।
सरकारी समझौते (जीटूजी) के तहत मारीशस की दो कंपनियों में 100 से अधिक पदों पर भर्ती होगी। खास बात यह है कि नौकरी के लिए तैयार करने से लेकर भाषा प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सहायता तक की व्यवस्था मुफ्त की जाएगी। चयनित युवाओं को भारतीय मुद्रा के हिसाब से 44 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा।
आइटीआइ के नोडल प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा ने बताया कि मारीशस की अल्फा कांट्रैक्टिंग लिमिटेड और मावेंसी लिमिटेड में टेक्नीशियन रिपेयर, पेस्ट टेक्नीशियन, प्लंबर, कंस्ट्रक्शन हेल्पर और कारपेंटर के पदों पर नियुक्तियां होंगी। इसके लिए 18 से 45 वर्ष आयु के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे।
न्यूनतम योग्यता 10वीं पास अथवा संबंधित ट्रेड में प्रमाणपत्र या डिप्लोमा के साथ एक वर्ष का अनुभव निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को एक से तीन वर्ष के लिए फुल टाइम नौकरी मिलेगी। उन्हाेंने बताया कि कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को जर्मन, जापानी और अंग्रेजी भाषा का मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ काउंसिलिंग और करियर गाइडेंस भी मिलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी सीटीआइ स्थिति एनएसटीआइ कैंपस और प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिस सेल आइटीआइ पांडुनगर में संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कानपुर की 'लुटेरी दुल्हन'... 7 फेरों के बंधन से ठगी का कारनामा, अब परिवार के साथ जेल ठिकाना
यह भी पढ़ें- कानपुर में जाम से मुक्ति की जगी उम्मीद.. 30 करोड़ से 42 चौराहों का बदला जाएगा डिजाइन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।