कानपुर में जाम से मुक्ति की जगी उम्मीद.. 30 करोड़ से 42 चौराहों का बदला जाएगा डिजाइन
कानपुर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ₹30 करोड़ की लागत से 42 प्रमुख चौराहों का डिजाइन बदला जाएगा। इस 'प्रोजेक्ट गिफ्ट' का उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना और फ्री लेफ्ट टर्न विकसित करना है, जिससे वाहनों की आवाजाही बेहतर हो सके।

घंटाघर चौराहा पर बीच सड़क पर सवारी भरते ई-रिक्शा चालक । जागरण
HighLights
₹30 करोड़ से 42 चौराहों का डिजाइन बदलेगा।
प्रोजेक्ट गिफ्ट के तहत जाम से मिलेगी राहत।
फ्री लेफ्ट टर्न और यातायात सुगम बनाने पर जोर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पिछले पांच वर्षों में कई योजनाएं बनीं, करोड़ों रुपये खर्च हुए और अभियान भी चलाए गए, लेकिन चौराहों पर वाहनों की कतारें कम नहीं हुईं। कहीं चौराहे की गलत बनावट जाम की वजह बन रही है तो कहीं बेतरतीब कट, संकरी सड़कें और एक-दूसरे के रास्ते में घुसते वाहन यातायात की रफ्तार रोक रहे हैं।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) पर 75.11 करोड़ और स्मार्ट मोबिलिटी पर करीब 86.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद जाम की समस्या बरकरार है। 25 जुलाई 2024 को तत्कालीन पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के निर्देशन में शुरू हुआ ट्रैफिक दोस्त अभियान भी स्थायी समाधान नहीं दे सका।
अब प्रशासन ने समस्या की जड़ यानी चौराहों की संरचना सुधारने की तैयारी की है। प्रोजेक्ट गिफ्ट (गाइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर फार ट्रैफिक) के तहत करीब 30 करोड़ रुपये से शहर के 42 प्रमुख चौराहों का ढांचा दुरुस्त किया जाएगा।
योजना का मकसद केवल चौराहों का सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि उनकी बनावट ऐसी करना है, जिससे सीधे जाने वाले और दाएं-बाएं मुड़ने वाले वाहनों के रास्ते एक-दूसरे से न टकराएं। खासतौर पर फ्री लेफ्ट टर्न विकसित करने पर जोर रहेगा, ताकि बाएं मुड़ने वाले वाहनों को सिग्नल पर अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े। इसके साथ ही ट्रैफिक चैनलाइजेशन, मीडियन, कर्ब, ट्रैफिक आइलैंड संरचना में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाएगा।
योजना के तहत दिसंबर में टेंडर प्रक्रिया हो जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से निर्माण और सुधार कार्य शुरू होगा। शहर के 42 चौराहों को उनकी संरचना के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 26 चौराहे फोर आर्म्स यानी सड़कों वाले, सात थ्री आर्म्स, सात मल्टी आर्म्स और दो स्टैगर्ड (दो सहायक सड़कें किसी मुख्य सड़क से एक ही बिंदु पर सीधे आमने-सामने मिले) चौराहे शामिल हैं। इन सभी की समस्या एक जैसी नहीं है।
कहीं अधिक संख्या में सड़कें आकर मिलती हैं तो कहीं मुड़ने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में सभी चौराहों पर एक जैसा डिजाइन लागू करने के बजाय उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग तकनीकी प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए चौराहों का विस्तृत सर्वेक्षण हो चुका है। इसमें वाहनों का दबाव, सड़क की चौड़ाई और पैदल यात्रियों की आवाजाही, आसपास की जमीन का उपयोग और बिजली-पानी जैसी उपयोगिता सेवाओं की स्थिति का आकलन किया गया है। शहर की व्यापक मोबिलिटी योजना (सीएमपी), सिटी डेवलपमेंट प्लान और केडीए मास्टर प्लान 2031 को भी आधार बनाया गया है।
एक चौराहा, कई विभाग
गिफ्ट प्रोजेक्ट के तहत रामादेवी, टाटमिल, रावतपुर, घंटाघर, जरीब चौकी, अफीमकोठी, गोल चौराहा, बारादेवी, नौबस्ता, कल्याणपुर और जाजमऊ के शथ ही शहर के अंदर डिप्टी पड़ाव, मूलगंज, सरसैया घाट, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, फूलबाग, नरोना, गुमटी नंबर पांच, किदवई नगर, गंगा बैराज, फजलगंज, चावला मार्केट, दासू कुआं, नमक फैक्ट्री और पुरानी चुंगी चौराहा शामिल है। इन चौराहों की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी, एनएचएआइ, आवास-विकास परिषद, केडीए और नगर निगम को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रोजेक्ट गिफ्ट तैयार किया गया है। इसके तहत 42 प्रमुख चौराहों का तकनीकी सर्वेक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार सुधार कराया जाएगा। चौराहों की बनावट में बदलाव, ट्रैफिक चैनलाइजेशन, फ्री लेफ्ट टर्न और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते विकसित करने पर विशेष ध्यान रहेगा। दिसंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
महेंद्र सिंह तंवर, जिलाधिकारी
पुराना शहर होने के कारण सड़कों की चौड़ाई कम है। यह बेहतर योजना है, लेकिन सड़क किनारे अतिक्रमण को हटाए बिना यह संभव नहीं हो सकेगा। अगर ऐसा होता है, तो यातायात व्यवस्था में सुधार नजर आएगा।
अरविंद कुमार शुक्ल, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता
यह भी पढ़ें- रेलवे ने यात्रियों को दी राहत, कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा, यहां जानें ट्रेन और रूट का पूरा शेड्यूल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।