विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर के कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बोले- आर्यनगर सीट पर कांग्रेस की नजर, गठबंधन में 7 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:51 PM (IST)

कानपुर में कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए संगठन मजबूत कर रही है, जिसमें ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने आर्यनगर सहित सात सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। पार्टी बूथ स्तर पर सक्रियता और स्थानीय मुद्दों को उठाकर जनता के बीच अपनी पैठ बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।

संदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस ग्रामीण कानपुर। जागरण

संदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस ग्रामीण कानपुर। जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस कानपुर में विधानसभा चुनाव के लिए संगठन मजबूत कर रही है।

  2. पार्टी गठबंधन में आर्यनगर समेत सात सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार।

  3. स्थानीय मुद्दों और बूथ स्तर पर सक्रियता से जनता तक पहुंच बना रही।

जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। गठबंधन की स्थिति में कांग्रेस नेता जिले की आर्यनगर सीट की वापसी के साथ ही सात सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला का कहना है कि पार्टी ने पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया है। बूथ रक्षकों के माध्यम से मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने और गलत नामों को हटवाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रस्तुत है मुख्य संवाददाता रितेश द्विवेदी से हुई बातचीत के प्रमुख अंश...।

 

  • विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की क्या तैयारी है?
  • पार्टी एक साल से चुनाव की तैयारी कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत किया गया है। हमारे बूथ रक्षक तैयार हैं। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। मतदाता सूची में सही मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत तरीके से वोट कटने से रोकने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय हैं। इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर हम चुनाव मैदान में उतरेंगे।

 

  • प्रत्याशियों के चयन का क्या मापदंड रहेगा?
  • प्रत्येक विधानसभा में चार से पांच दावेदार हैं। कुछ क्षेत्रों में छह-सात लोग भी दावेदारी कर रहे हैं। पार्टी सभी दावेदारों का सर्वे करा रही है। उनका जमीनी आधार, सामाजिक छवि और संघर्ष करने की क्षमता देखी जा रही है। सर्वे गोपनीय तरीके से हो रहा है। प्रत्याशी चयन में जातीय संतुलन और विधानसभा क्षेत्र की सामाजिक संरचना को भी ध्यान में रखा जाएगा। इसकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।

 

  • गठबंधन में कांग्रेस का कितनी सीटों पर दावा है?
  • जिले की 10 विधानसभा सीटों में से सात सीटें हमारे विचाराधीन हैं। इनमें पांच सीटें हमारी प्राथमिकता में हैं। छावनी और आर्यनगर कांग्रेस की परंपरागत सीटें रही हैं। आर्यनगर सीट पिछले गठबंधन में समाजवादी पार्टी को दी गई थी। अब हमारी इच्छा है कि यह सीट कांग्रेस को वापस मिले। इसके अलावा महाराजपुर, कल्याणपुर और घाटमपुर में भी हमारा मजबूत दावा है। हालांकि अंतिम निर्णय दोनों दलों का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

 

  • पीडीए के नारे को आप किस रूप में देखते हैं?
  • पीडीए अखिलेश यादव का नारा है। वह अपने भाषणों में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ सर्वसमाज की बात भी करते हैं। कांग्रेस का नारा हमेशा सर्वसमाज और सर्वधर्म की एकजुटता रहा है। हमारी पार्टी ने देश को आजादी दिलाने से लेकर संविधान निर्माण, लोकतंत्र की मजबूती, उद्योगों और शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस किसी एक जाति या धर्म की नहीं, बल्कि सभी वर्गों की पार्टी है।

 

  • स्थानीय मुद्दों को लेकर पार्टी की क्या रणनीति रहेगी?
  • कानपुर देश का सबसे अभागा शहर बन गया है। यहां भाजपा के सांसद, महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि होने के बावजूद सड़कें खराब हैं। जलभराव, सीवर समस्या और पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के मुद्दे को भी जनता के बीच उठाएंगे। हमारा विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाला होगा।

 

  • कांग्रेस की कमजोर स्थिति और गुटबाजी से कैसे निपटेंगे?
  • कांग्रेस देश की सबसे पुरानी और व्यापक जनाधार वाली पार्टी है। कुछ चुनावों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, लेकिन संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। गठबंधन की मजबूरी मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए है। हमारा उद्देश्य लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है। इसके लिए हम हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनाव में पूरी ताकत से उतरेंगे।

यह भी पढ़ें- कानपुर में ITI पांडुनगर से नमक फैक्ट्री तक 17 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क, मराला चौराहा का होगा सुंदरीकरण

यह भी पढ़ें- कानपुर के बिकरू चौकी इंचार्ज ने मुकदमा से नाम हटाने को मांगे 30 हजार की रिश्वत, Video Viral हुआ तो ACP ने किया निलंबित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।