विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में मानसून की विदाई के बाद बढ़ी 'अक्टूबर हीट' की उमस, दिन का तापमान 33.8 डिग्री

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:09 PM (IST)

मानसून की विदाई के बाद कानपुर में 'अक्टूबर हीट' का असर दिख रहा है, जिससे दिन में तेज धूप और ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर में मानसून की विदाई के बाद 'अक्टूबर हीट' का असर

  2. दिन का तापमान 33.8 डिग्री, 82% आर्द्रता से चिपचिपी गर्मी

  3. मिट्टी की नमी से वाष्पीकरण, दिन गर्म, रातें सुहावनी हो रही हैं

जागरण संवाददाता, कानपुर। मानसून की विदाई के साथ अक्टूबर हीट ('कार्तिक मास की उमस') ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में तेज धूप के बीच तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी बने रहने से चिपचिपी गर्मी महसूस हो रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता 82 प्रतिशत तक पहुंचने से धूप और नमी के मेल ने उमस बढ़ा दी।


मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की विदाई के दौरान अक्टूबर हीट की स्थिति बनती है। इस समय वर्षा थमने के बाद आसमान साफ होने लगता है और तेज धूप सीधे धरातल को गर्म करती है। मानसून के दौरान मिट्टी में जमा नमी धूप के प्रभाव से वाष्पित होती है, जिससे हवा में नमी बढ़ती है। तापमान और आर्द्रता का यही संयोजन दिन में गर्मी को अधिक कष्टकारी बनाता है।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर हीट के दौरान दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत सुहावनी रहने का दौर होता है। अक्टूबर हीट मानसून के बाद गर्म और नम मौसम से शुष्क व ठंडे मौसम की ओर बढ़ने का संक्रमण काल है। इस दौरान साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन का तापमान बढ़ सकता है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी होने लगती हैं।

उमस के कारण शरीर से पसीना आसानी से नहीं सूखता, जिससे थकान और बेचैनी महसूस हो सकती है। अधिक तापमान और नमी का संयोजन शरीर की गर्मी नियंत्रित करने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इससे पानी की कमी, थकान और चक्कर जैसी समस्या बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- कानपुर सांसद की मौजूदगी में अन्नू अवस्थी ने चुनाव लड़ने का किया एलान, बोले- सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से लड़ूंगा

यह भी पढ़ें- कानपुर में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क, चमनगंज-बेकनगंज समेत कई क्षेत्रों से जुड़े गिरोह पुलिस के निशाने पर