विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, अब 16 दिसंबर तक होंगे आवेदन

Published: Sat, 07 Nov 2026 09:33 PM (GMT+05:30)

कानपुर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 दिसंबर तक बढ़ा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आवेदन की अंतिम तिथि अब 16 दिसंबर तक बढ़ाई गई

  2. मतदाता सूची का प्रारूप 17 नवंबर को प्रकाशित होगा

  3. बीएलओ बूथों पर 21, 22, 28, 29 नवंबर को उपलब्ध रहेंगे

जागरण संवाददाता, कानपुर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने के लिए मतदाताओं को अब अतिरिक्त समय मिल गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन करते हुए दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 दिसंबर कर दी है। पहले इसके लिए 11 दिसंबर तक का समय निर्धारित था।


जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि छह नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में कार्यक्रम संशोधित किया गया है। हालांकि मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन की दो नवंबर की निर्धारित तिथि में बदलाव नहीं किया गया है।


संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

चार दिन बूथों पर बैठेंगे बीएलओ

मतदाता पुनरीक्षण के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे और हेल्प डेस्क के माध्यम से आवेदन भरने में मदद करेंगे। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म छह, नाम हटाने के लिए फार्म सात और संशोधन अथवा पता बदलने के लिए फार्म आठ भरना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 7 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव

यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाज व जिम ट्रेनर का कानपुर-प्रयागराज हाईवे के किनारे मिला शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।