कानपुर में दिवाली के बाद बढ़ेगी ठंड, पारे में गिरावट और प्रदूषण का खतरा
दिवाली के बाद कानपुर में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी। ...और पढ़ें

HighLights
दिवाली के बाद कानपुर में तापमान दो डिग्री गिरेगा।
सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी, दिन में धूप बनी रहेगी।
धीमी हवा से प्रदूषण बढ़ने की आशंका, सावधानी जरूरी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की ठंडक के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिवाली के बाद तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, इसमें भी 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन में धूप के कारण गर्मी का अहसास हुआ, जबकि सुबह और शाम ठंडक बनी रही।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पहाड़ों से आने वाली उत्तर-पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवा का लगातार प्रवाह नहीं बन पा रहा है। इन हवा की निरंतरता बनने पर ही ठंड का असर स्थिर होगा। फिलहाल दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। ऊपरी वातावरण में नमी के कारण कहीं-कहीं ऊंचे बादल छा सकते हैं, जिससे धूप की तीव्रता कुछ कम रहेगी।
शाम को बादलों की मौजूदगी तापमान में गिरावट को थाम सकती है। दूसरी ओर, हवा की रफ्तार महज 1.5 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से प्रदूषक तत्व वातावरण में ठहर रहे हैं। शनिवार को अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 94 और न्यूनतम 44 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रही। धीमी हवा और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच रात में धुंध की मोटी परत छाने की आशंका है। ऐसे में सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।