कानपुर में चीनी के भाव नरम, नए माल की आवक से कीमतों में गिरावट
चीनी मिलों से नए माल की आवक बढ़ने के कारण कानपुर में चीनी के थोक और फुटकर भाव में गिरावट आई है। फुटकर बाजार में चीनी की कीमत 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, और आने वाले दिनों में और कमी की संभावना है।

HighLights
कानपुर में चीनी का फुटकर भाव 65 रुपये प्रति किलो।
मिलों से नए माल की आवक से कीमतों में नरमी।
आगे चीनी के भाव में और गिरावट की संभावना।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू होने और नए माल की आवक बढ़ने का असर अब बाजार में दिखाई देने लगा है। चीनी के भाव में नरमी आने लगी है। फुटकर बाजार में चीनी की कीमत घटकर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि थोक बाजार में भाव करीब 60 रुपये प्रति किलो चल रहा है। नए माल की उपलब्धता बढ़ने से आने वाले दिनों में कीमतों में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
बाजार के कारोबारियों के मुताबिक, गन्ना पेराई शुरू होने के साथ ही चीनी मिलों से नए माल की आपूर्ति बढ़ने लगी है। इससे बाजार में पुराने स्टाक का दबाव भी कम होने लगा है। सादे माल की कीमत करीब 3000 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है, जबकि नए रिफाइंड माल का भाव 3100 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास है।
पुराने माल के भाव में भी नरमी का रुख बना हुआ है। दी कानपुर शुगर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल किशन माहेश्वरी के अनुसार डीएससीएल और बलरामपुर जैसी प्रमुख चीनी मिलें यदि अपने बिक्री मूल्य में 50 रुपये प्रति क्विंटल की और कटौती करती हैं तो नए रिफाइंड माल के भाव भी जल्द 3000 रुपये प्रति क्विंटल तक आ सकते हैं। हालांकि, अभी बाजार में सहालग की मांग बनी हुई है।
शादी-विवाह के आयोजनों के चलते मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के लिए चीनी की खपत बढ़ी है। इस वजह से कीमतों में उतनी तेजी से गिरावट नहीं आ रही है, जितनी नए माल की आवक बढ़ने से उम्मीद की जा रही थी।