कानपुर में सौतेले पिता की हैवानियत, किशोरी से दुष्कर्म, हालत बिगड़ी तो मां कराती रही झाड़ फूंक
कानपुर में सौतेले पिता की हैवानियत सामने आई है। सौतेले पिता ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जब उसकी तबियत बिगड़ने लगी तो उसकी मां ने झाड़ फूंक कराना शुरू किया। सौतेले पिता की हैवानियत से उसकी जान पर बन आई। किशोरी की मौसी ने जब डीएम से गुहार लगाई तो मामला सामने आया। अब गंभीर सर्जरी करनी होगी।

आशुतोष मिश्र, जागरण, कानपुर। रिश्ते कलंकित करने वाली यह कहानी हर किसी को गुस्से से भरने वाली है। गोंडा के रहने वाले सौतेले पिता ने 14 वर्ष की बेटी से लुधियाना में दुष्कर्म किया। हालत खराब होने पर उसे पत्नी के साथ गोंडा भेज दिया। पत्नी घटना को छिपाते हुए झाड़-फूंक कराती रही। काकादेव पुरानी बस्ती निवासी मौसी को तबीयत खराब होने की बात पता चली तो वह इलाज के लिए यहां ले आई।
डाक्टरों ने इलाज शुरू किया तब पता चला कि उससे दुष्कर्म हुआ है। डाक्टरों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। आरोपित गोंडा का रहने वाला और घटना लुधियाना की होने के कारण पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से हाथ खींच रही थी। किशोरी की मौसी ने डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह से गुहार लगाई तो उनके कहने पर रिपोर्ट दर्ज हुई।
डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह को किशोरी की देखभाल और अन्य कानूनी मदद के लिए कहा। इसके बाद वन स्टाप सेंटर की मैनेजर बंदना द्विवेदी ने किशोरी का मेडिकल कराया। किशोरी की हालत इतनी बिगड़ गई है कि वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। असहनीय दर्द पर उसकी चीखें सन्नाटा तोड़ती हैं। आंसू बन आंखों से जब पीड़ा बहती है तो मेडिकल स्टाफ के आंखों से भी आंसू छलछला आते हैं। किशोरी की हालत इतनी खराब है कि उसकी गंभीर सर्जरी करनी पड़ेगी।
पुरानी बस्ती काकादेव निवासी एक महिला के पति का निधन हो गया था। उसकी दो बेटियां थीं। उसने लुधियाना में काम करने वाले गोंडा के एक युवक से शादी कर ली। उसकी दूसरी बेटी जब नौ माह की थी, तभी से अपनी ननिहाल में रह रही थी। जब वह 12 वर्ष की हुई तो मां ने दूसरी शादी कर ली और उसे अपने साथ गोंडा और फिर लुधियाना ले गई। वहां सौतेले पिता ने दुष्कर्म किया। मौसी उसे लेकर 28 जून को यहां आई और उसे लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सर्जरी की तैयारी के बीच उसकी हालत बिगड़ गई तो उसे एनआइसीयू में भर्ती कराया गया। बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डा. शैलेंद्र ने बताया कि किशोरी की हालत में सुधार हुआ है, लेकिन सर्जरी करनी पड़ेगी। काकादेव थाने में दर्ज मुकदमे को गोंडा के कर्नेलगंज थाने को 18 जुलाई को ट्रांसफर कर दिया गया है। अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जिलाधिकारी ने प्रोबेशन अधिकारी से पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने और किशोरी की देखभाल को कहा था। काकादेव में निल पर दर्ज एफआइआर गोंडा स्थानांतरित हो गई है। बच्ची की सर्जरी होनी है।
-बंदना द्विवेदी, मैनेजर वन स्टाप सेंटर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।