Kanpur News: ये है कानपुर की संयुक्ता रेड्डी, एक साथ दो खेल में कई खिताब इसके नाम
कानपुर की संयुक्ता रेड्डी अपने सपनों के आसमां को हासिल कर रही है। एक साथ दो खेल में नाम करने वाली शहर की खिलाड़ी बैडमिंटन और एथलीट में लगातार खिताब जीत रही। 16 वर्षीय खिलाड़ी कई खिताब हासिल कर चुकी है। एक दो साथ खेल में राष्ट्रीय फलक तक पहुंचने वाली शहर की पहली खिलाड़ी संयुक्ता है।

अंकुश शुक्ल, जागरण, कानपुर। शहर की उभरती हुई बैडमिंटन खिलाड़ी और एथलीट एस संयुक्ता रेड्डी कई स्टेट चैंपियनशिप में पदक हासिल कर राष्ट्रीय फलक पर पहचान बना रही हैं। शुरुआती दिनों में ताइक्वांडो की खिलाड़ी रहीं, संयुक्ता अब बैडमिंटन के साथ एथलेटिक्स ट्रैक में सबको पछाड़ रही हैं। उनके हुनर के आगे कोई भी खिलाड़ी टिक नहीं पा रहा है।
संयुक्ता एक साथ तीन खेल में स्टेट और दो खेल में राष्ट्रीय पदक हासिल करने वाली शहर की एकमात्र खिलाड़ी हैं। हाल में ओपन स्टेट बैडमिंटन में पदक हासिल करने वाली शहर की बेटी अब प्री स्टेट के लिए नोएडा जा रही हैं।
पिता को देखकर बैडमिंटन खेलने वाली संयुक्ता शुरुआत दिनों में कोच सत्येंद्र यादव से प्रशिक्षण हासिल कर ताइक्वांडो की खिलाड़ी बनीं। लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्ता ने कई खिताब हासिल किए। इसके बाद फिटनेस को ध्यान में रखते हुए संयुक्ता ने एथलेटिक्स की ओर से रुख किया और दिग्गज कोच अरविंद ढौंडियाल की देखरेख में क्राइस्टचर्च मैदान में प्रशिक्षण हासिल कर रिले, 100 मीटर, 200 मीटर और हाई जंप में प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ स्कूली खिलाड़ियों में शुमार हुईं।
यह भी पढ़ें- Kanpur CMO Vivad: सीएमओ विवाद में बड़ा फेरबदल, डा. उदयनाथ को हटाया, डा. हरिदत्त नेमी का निलंबन रोका
आर्डिनेंस फैक्ट्री पैराशूट में कार्यरत पिता एस कोनाडईया बताते हैं कि बेटी को बचपन से ही खेल में रुचि थीं। इस कारण वो आज अपने मुकाम को हासिल करने की ओर बढ़ रही है। ताइक्वांडो कोच सत्येंद्र ने बेटी की प्रतिभा को पहचाना। इसके बाद एथलेटिक्स कोच ढौंंडियाल सर और बैडमिंटन कोच ललित वर्मा ने प्रशिक्षण देकर संवारा। संयुक्ता बताती हैं कि एथलेटिक्स हर खेल के लिए जरूरी है। इससे फिटनेस बेहतर होती है। ताइक्वांडो और बैडमिंटन में स्टैमिना बढ़ाने के लिए एथलेटिक्स को जारी रखा और आज एथलेटिक्स के कारण ही बैडमिंटन कोर्ट में लंबे समय तक टिक पा रहीं हूं।
उपलब्धियां
- वर्ष 2023 में वाराणसी में हुई स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हाई जंप में स्वर्ण, 200 मीटर दौड़ में रजत और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
- वर्ष 2024 हैदराबाद में हुई नेशनल रिले में कांस्य पदक जीता।
- वर्ष 2023 बेंगलुरू में हुए स्कूल नेशनल में हिस्सा लिया।
- 2023 में ही लखनऊ में हुई स्टेट चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
- 2024 मुरादाबाद में हुई स्टेट बैडमिंटन के डबल्स में स्वर्ण पदक जीता।
- ताइक्वांडाे खेल में भी संयुक्ता स्टेट चैंपियनशिप में पदक हासिल कर चुकी हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।