कानपुर में चूहों की कारस्तानी, खोखली कर डाली सड़कें, बारिश होते ही धंस गईं
कानपुर में बरसात या भ्रष्टाचार के कारण नहीं बल्कि चूहों के आतंक की वजह से सड़कें धंसने लगी हैं। चूहों ने सड़कों में बिल बना डाले हैं। इससे बरसात में पानी भरने से सड़कें धंसने लगी हैं। यह बात खुद नगर निगम के मुख्य अभियंता ने बताई। अब ऐसे में जिम्मेदार भी कोई न होगा न कार्रवाई किसी पर हो सकती है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। बारिश (Rain) होते ही कानपुर (Kanpur) की सड़कें धंसने लगी हैं। धंसने की वजह भ्रष्टाचार या बरसात नहीं है बल्कि चूहे हैं। इन चूहों की वजह से सड़कें धंस रही हैं। कानपुर शहर के ब्रह्मनगर से नेहरू नगर तक सड़क से धंसने से नगर निगम (Nagar Nigam) अधिकारी परेशान हैं। उन्होंने इसके लिए चूहों को जिम्मेदार माना है।
ब्रह्मनगर चौराहा से अंध विद्यालय नेहरू नगर के बीच 300 मीटर दूरी में तीन जगह सड़क धंस गई। आठ से 10 फीट चौड़ाई में सड़कें धंस गईं। क्षेत्र में अचानक सड़कें बैठने से खलबली मच गई। लोगों ने वाहन चालकों को रोक दिया और ईंट लगाकर रास्ता बंद कर दिया। जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद नगर निगम के अफसरों को बुलाकर बैरिकेड्स लगवाए। केस्को अधिकारियों से खंभे और तार हटाने को कहा गया। इसके बाद नगर निगम ने ब्रह्मनगर चौराहा से कार्य शुरू करा दिया।
सड़कों के धंसने के पीछे चूहों के बिल
खोदाई में करीब 30 फीट नीचे सीवर लाइन में लीकेज से डाट नाला बैठने और उसी वजह से सड़क धंसने की बात सामने आई है। वहीं स्वरूप नगर, जवाहर नगर, कौशलपुरी, गुमटी नंबर पांच, कंपनी बाग से रावतपुर, उस्मानपुर से साकेत नगर समेत कई जगह खोदी गई सड़कें ठीक से मोटरेबल नहीं किए जाने और धंसने से खतरनाक हो गई हैं। वहीं, अधिशासी अभियंता ने लीकेज और सड़कों के धंसने के पीछे चूहों के बिल होने की आशंका जताई है।
नाला धंस गया
रविवार को हुई वर्षा के बाद सोमवार को सड़कें धंसना शुरू हो गया। ब्रह्मनगर चौराहा सुबह अचानक धंसना शुरू हो गया। देखते-देखते एक तरफ की बाउंड्री धंसी सड़क में समा गई। जोन चार के कार्यालय के सामने पिछले साल डाट नाला धंसा था और कई दिन तक आधा रास्ता बंद रहा था। वहीं पर फिर डाट नाला बैठ गया। पार्षद पवन गुप्ता ने बताया कि करीब दो घंटे के बीच में तीन जगह सड़क धंस गई। अंध विद्यालय नेहरू नगर के पास भी गहरा गड्ढा हो गया।
सीवर लाइन टूटी मिली
पार्षद ने बताया कि केस्को एमडी को मोबाइल फोन पर जानकारी देकर बह्मनगर के पास बिजली का खंभा और तार हटवाने को कहा। बाद में नगर निगम के मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी अधिशासी अभियंता नानकचंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। टीम लगाकर कार्य शुरू करा दिया गया। खोदाई में सीवर लाइन टूट मिली है। इसके कारण डाट नाला धंसा है। वहीं, मुख्य अभियंता ने बताया कि ब्रह्मनगर चौराहे पर कार्य शुरू करा दिया गया है। तीनों जगह खोदाई होने के बाद पता चलेगा कि क्या क्षतिग्रस्त हुआ है और कितना समय लगेगा। जल्द कार्य कराया जाएगा। बाकी जगह जहां पर खोदी सड़क धंसी हैं, संबंधित विभागों को पत्र लिखा जा रहा है कि सड़कों को दुरुस्त कराएं।
ब्रह्मनगर में खोदाई में चूहों के बिल भी मिले हैं। सीवर लाइन के चैंबर लीकेज की वजह भी चूहों को ही माना जा रहा है।
नानक चंद, अधिशासी अभियंता
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।