कानपुर राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड: बिल्डर सिंडिकेट पर कसेगा शिकंजा, दो केडीए कर्मी समेत 4 जांच के घेरे में
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में पुलिस बिल्डर सिंडिकेट के नए चेहरों पर शिकंजा कस रही है, जिसमें दो केडीए कर्मी सहित चार और लोग जांच के घेरे में हैं। 20 हजार का इनामी आरोपित प्यारे खान कोर्ट में आत्मसमर्पण करने नहीं पहुंचा, जबकि हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान के अतीक अहमद से कनेक्शन की भी जांच हो रही है।
-1795546369558_m.webp)
शफीक, सरबजीत, प्यारे खान,अतीक अहमद के साथ आरोपित मन्नू रहमान की पुरानी फोटो। इंटरनेट मीडिया
HighLights
कानपुर अग्निकांड में बिल्डर सिंडिकेट के नए चेहरे जांच में।
दो केडीए कर्मी समेत चार लोग जांच के दायरे में।
इनामी प्यारे खान कोर्ट में आत्मसमर्पण करने नहीं पहुंचा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड में पुलिस बिल्डरों के सिंडिकेट के नए चेहरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। जांच के दौरान दो केडीए कर्मी समेत चार और लोग अब तक जांच के घेरे में आ चुके हैं, जिनमें एक सेवानिवृत्त कर्मी को नोटिस देकर बयान के लिए भी बुलाया गया है।
वहीं, 20 हजार के इनामी आरोपित प्यारे खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कोर्ट के बाहर जाल बिछाए रही, लेकिन वह आत्म समर्पण करने नहीं पहुंचा। इसके साथ ही आरोपित हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान अतीक अहमद के साथ फोटो मिलने के बाद अब अतीक कनेक्शन को लेकर मन्नू रहमान व अन्य बिल्डरों के बैंक खातों का ब्योरा भी पुलिस जुटा रही है।
पटकापुर की पांच फीट चौड़ी सड़क वाली एक गली में छह मंजिला अवैध बने राधिका अपार्टमेंट में 12 परिवारों के लोग रहते हैं। 16 नवंबर तड़के भूतल में लगे मीटर में आग लगने से 16 वर्षीय प्रांजल व राखी साहू की जान चली गई थी।
प्रांजल के पिता अनिल बाथम ने बिल्डर मोहित तिवारी, हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, सरबजीत कौर, प्यारे खान, शफीक के खिलाफ फीलखाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन सभी पर 20-20 हजार का इनाम घोषित हुआ तो मोहित ने थाने में रविवार को आत्म समर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो शफीक के एक रिश्तेदार, साथी अकबर, सेवानिवृत्त केडीए कर्मी शिवशंकर व एक अन्य के नाम प्रकाश में आए, जो इन बिल्डरों के सिंडिकेट से जुड़कर अवैध इमारतों का निर्माण कराने में केडीए के भेदिए बने हुए थे। जांच में मन्नू रहमान की अतीक अहमद के साथ फोटो भी पुलिस को मिली। हालांकि फोटो आठ से 10 साल पुरानी बताई गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मन्नू रहमान ने अतीक को पैसा शहर की कई अवैध इमारतों को खरीदने व निर्माण कराने में लगवाया था। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित प्यारे ने वांछित आख्या के लिए कोर्ट में अर्जी डाली थी। उसे आत्म समर्पण करने के लिए मंगलवार को कोर्ट में आने की जानकारी पर टीम वहां तैनात रही, पर वह नहीं आया।
आरोपित शफीक की लोकेशन मिली है। टीम उसकी तलाश में दबिश दे रही है। जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि अभी इन सिंडिकेट से जुड़े और भी नाम भी सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कानपुर में मेफेड्रोन तस्कर गिरोह के तीन और साथी गिरफ्तार, सरगना का अंडरवर्ड डान दाउद से कनेक्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।