कानपुर में मेफेड्रोन तस्कर गिरोह के तीन और साथी गिरफ्तार, सरगना का अंडरवर्ड डान दाउद से कनेक्शन
कानपुर पुलिस ने मेफेड्रोन ड्रग्स तस्कर रिजवान के तीन और साथियों साहिल, रेहान और ऋषभ को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के रिश्तेदार खयामुद्दीन से जुड़ा है और हवाला के जरिए भी रकम भेजता है।
-1795512768964_m.webp)
HighLights
कानपुर पुलिस ने मेफेड्रोन तस्कर रिजवान के तीन साथी पकड़े।
गिरफ्तार तस्करों का संबंध दाऊद के रिश्तेदार खयामुद्दीन से।
गिरोह हवाला और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में भी शामिल।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जेल में बंद मेफेड्रोन ड्रग्स तस्कर रिजवान के तीन साथियों को फजलगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से मेफेड्रोन ड्रग्स भी बरामद हुआ। रिजवान अंडरवर्ड डान दाउद के रिश्तेदार व गिरोह के सरगना मुंबई के खयामुद्दीन उर्फ खय्याम का दाहिना हाथ है। पुलिस सरगना और अन्य तस्करों की तलाश कर रही है। 29 अक्टूबर को जालौन में पकड़ी गई मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री के बाद खयामुद्दीन व रिजवान का नाम आया था।
फजलगंज थाने की पुलिस ने सोमवार देर रात तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। उन्होंने अपना नाम साहिल, रेहान और ऋषभ बताया। पूछताछ के दौरान उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम और कहां-कहां सप्लाई आदि जानकारी दी। इससे पहले पुलिस ने तस्कर बाबूपुरवा के रिजवान अहमद को 10 नवंबर की देर रात गोविंदपुरी पुल के नीचे रेलवे लाइन किनारे से गिरफ्तार किया था। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख बताई गई।
रिजवान के दो मोबाइल फोन में बाराबंकी चाचा, फर्रुखाबाद के कुछ नंबर, नेपाल के सुल्तान, खय्याम, बाबूपुरवा का अरबाज कट्टा, दानिश समेत 79 संदिग्ध लोगों के नंबर मिले हैं। रिजवान और खय्याम देश और विदेश में हवाला की रकम एजेंटों के माध्यम से भी भिजवाता है। रिजवान के फोन में हवाला में इस्तेमाल किए जाने वाले कोड वर्ड वाले 10 और 20 के नोट भी मिले हैं।
इसके साथ ही रिजवान के फोन पर 40-40 लाख के केमिकल मंगवाने के बिल और चार नए नाम मिले हें। गिरोह के सरगना खय्याम, अरबाज कट्टा, साथी दानिश समेत तस्करों की तलाश में टीमें लगी हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।