विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में नौ नंबर क्रासिंग से भौंती तक फोरलेन, सड़क निर्माण पीडब्ल्यूडी को मिले 38 करोड़

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:13 AM (IST)

कानपुर में नौ नंबर क्रासिंग से एनएच-2 तक साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को 38 करोड़ रुपये का बजट मिला है। यह परियोजना यातायात को सुगम बनाएगी और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार करेगी, जिसका निर्माण कार्य 21 दिनों में शुरू होगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. नौ नंबर क्रासिंग से एनएच-2 तक फोरलेन सड़क बनेगी।

  2. परियोजना के लिए 38 करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ।

  3. सड़क चौड़ीकरण से यातायात और कनेक्टिविटी सुधरेगी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को फोरलेन सड़क बनाने का बजट मिल गया है। शासन ने नौ नंबर क्रासिंग से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए ज्ञान प्रकाश मार्ग के रास्ते एनएच-2 इटावा-कानपुर हाईवे तक करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 38 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के बाद इस मार्ग पर आवागमन आसान होगा और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार, आगामी 21 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

नौ नंबर क्रासिंग से एनएच-2 तक जाने वाला यह मार्ग शहर से हाईवे तक जाने वाले प्रमुख मार्गों में है। इस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। दादा नगर और पनकी औद्योगिक क्षेत्र के साथ आसपास की आबादी के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता है। मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई कम होने और वाहनों का दबाव अधिक रहने से कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है।

फोरलेन निर्माण के तहत सड़क को 14 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे यातायात का दबाव कम होने के साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों तक वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी। बीते 18 जून 2026 को एचबीटीयू परिसर के सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की थी।

इस दौरान विभाग की ओर से 5523 करोड़ रुपये के 344 प्रस्ताव रखे गए थे। इनमें शहर की कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाएं शामिल थीं। हालांकि, अब तक कुछ ही परियोजनाओं को शासन से स्वीकृति मिल सकी है। इनमें ट्रांसगंगा सिटी पुल निर्माण प्रमुख है। वहीं, जूही खलवा पुल के बजट को लेकर अभी स्वीकृति नहीं मिल पाई है। अन्य कई परियोजनाएं भी बजट और प्रशासनिक मंजूरी के इंतजार में हैं।


नौ नंबर क्रासिंग से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए ज्ञान प्रकाश मार्ग और एनएच-2 तक करीब साढ़े चार किलोमीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इसके लिए शासन से 38 करोड़ रुपये का बजट मिल गया है। आगामी 21 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
अनूप कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी

 

यह भी पढ़ें- कानपुर में किसानों के भरोसे से खिलवाड़, नमक-मिट्टी से तैयार हो रही थी नकली पोटाश; ब्रांडेड बोरियों में पैक कर बेचने की तैयारी

यह भी पढ़ें- Gold: रेनियम पाउडर मिलावट ने बढ़ाई कानपुर के ज्वेलर्स और ग्राहकों की चिंता, चीन से आ रहा बेरोकटोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।