Kanpur Murder Case: बेटी पर अपमानजनक टिप्पणी से भड़का लिव इन में रहने वाला प्रेमी, गला घोटकर की महिला को मार डाला
कानपुर के चकेरी में लिव-इन में रह रही महिला की उसके पूर्व प्रेमी पप्पू पासवान ने गला घोंटकर हत्या कर ...और पढ़ें

हत्यारोपित पप्पू पासवान। जागरण
HighLights
चकेरी के सनिगवां में किराए के मकान में पड़ा मिला था शव चेहरे समेत शरीर पर चोटों के मिले थे निशान
तलाक का दबाव बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाए जाने से परेशान था हत्यारोपित प्रेमी
दावा महिला पहले से तीन अन्य लोगों के साथ रह चुकी थी लिवइन में, तीनों पर कराया मुकदमा
जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वर्ण जयंती विहार में लिवइन में रह रही देवरिया की 32 वर्षीय महिला की हत्या का राजफाश हो गया है। किराये के मकान में साथ रहने वाले शादीशुदा प्रेमी ने ही उसकी हत्या की थी।
सेनपश्चिम पारा के पिपरगवां निवासी आरोपित ठेकेदार पप्पू पासवान ने पुलिस पूछताछ में गुनाह स्वीकार करते हुए बताया कि महिला उस पर पत्नी से तलाक का दबाव बना रही थी। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। इस बीच, बुधवार को महिला ने बेटी को लेकर अपशब्द कहे और धमकाने लगी तो दोनों में झगड़ा और हाथापाई होने लगी।
इस पर उसने पहले ईंट से उस पर हमला किया और फिर गला घोटकर उसकी जान ले ली। दो दिन बाद शुक्रवार को महिला का शव कमरे में पड़ा मिला था। हत्यारोपित का दावा है कि महिला ने शहर के साथ ही उन्नाव में भी तीन लोगों के साथ लिवइन में रहकर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के मुकदमे दर्ज कराए थे।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने रविवार को घटना का राजफाश करते हुए बताया कि देवरिया की रहने वाली महिला ने करीब 20 दिन पहले स्वर्ण जयंती विहार में किराए पर कमरा लिया था। उसके साथ सनिगवां का मीट कारोबारी आकिब कुरैशी भी रहता था, जिसे वह अपना पति बताती थी।
22 अक्टूबर को बगल के कमरे में रहने वाले आदित्य ने महिला के कमरे का दरवाजा खुला होने और अंदर से कोई आवाज न आने की जानकारी मकान मालिक को दी। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो महिला का शव कमरे में तख्त के नीचे मिला।
शरीर पर चोटों के कई निशान थे। देवरिया से छोटी बेटी के साथ पहुंची महिला ने मृतका की पहचान अपनी बड़ी बेटी के रूप में की। शनिवार को पैनल और वीडियोग्राफी से हुए पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि महिला ने सेनपश्चिम पारा के पिपरगवां निवासी ठेकेदार पप्पू पासवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे गोकुल ग्राउंड के पास से पकड़ा तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
सनिगवां के किराये के मकान में रहने लगी
उसने बताया कि वर्ष 2021 में महिला उसके संपर्क में आई थी। वह शादीशुदा था, लेकिन महिला के दबाव बनाने पर उसने शादी कर ली। इसके बाद वह महिला के सनिगवां स्थित किराये के मकान में आने-जाने लगा।
प्रेमी से अनबन के बाद आकिब के साथ रहने लगी
कुछ दिन बाद महिला ने बिधनू थाने में उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न और शादीशुदा होने के बावजूद शादी का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा दिया। उससे अलग होने के बाद महिला सनिगवां के मीट कारोबारी आकिब के संपर्क में आ गई और उसके साथ स्वर्ण जयंती विहार में किराये के मकान में रहने लगी।
आकिब से भी हुआ विवाद
फिर महिला का आकिब से भी विवाद हो गया और गंगाघाट थाने में जीरो एफआइआर दर्ज करा दी। बाद में मामला ट्रांसफर होकर चकेरी थाने पहुंचा, जिसकी अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई। आकिब से पीछा छुड़ाकर महिला दोबारा पप्पू के पास पहुंच गई और पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने की बात कहते हुए फिर से साथ रहने लगी।
पत्नी से तलाक का बनाय दबाव
हत्यारोपित पप्पू ने बताया कि महिला उस पर पत्नी से तलाक का दबाव बना रही थी। बात न मानने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। इसको लेकर एक सप्ताह पहले उससे विवाद हुआ तो महिला ने उसकी नाबालिग बेटी को लेकर बेहद अपमानजनक शब्द कहे। इस पर उसने पीछा छुड़ाने के लिए महिला की हत्या की योजना बनाई।
ईंट उठाकर सिर पर मारा
तीन दिन पहले मौका देखकर वह घर में घुसा तो महिला धमकाने लगी। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। इस बीच, पप्पू ने ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दिया। महिला बेसुध हुई तो गला दबाकर हत्या कर वह भाग निकला।
शादी के बाद तीन के साथ लिवइन में रही, पांच नाम रखे
डीसीपी ने बताया कि महिला ने करीब 12 साल पहले जाजमऊ निवासी हमजा से शादी की थी, जो रिश्ते में उसका बहनोई लगता है। इसके बाद वह उन्नाव के गंगाघाट लखापुर निवासी राजकुमार, पिपरगवां के पप्पू पासवान और आकिब कुरैशी के साथ लिवइन में रही। उसने राजकुमार को अपना पिता बताकर उसके पते से अपना आधारकार्ड भी बनवा लिया था। बाद में उसने राजकुमार, पप्पू पासवान और आकिब तीनों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए थे। उसने बदल-बदलकर कर पांच नाम रखे थे। हालांकि, पुलिस अब तक इन लोगों से संपर्क नहीं कर सकी है। पुलिस इस लोगों के बयान भी दर्ज कराएगी।
