विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur Crime: 1200 कैमरे खंगाल बिहार पहुंची UP Police, बेटी की शादी छोड़ 20 फीट नीचे कूदा चोर, साथी गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:20 PM (IST)

कानपुर में मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी नईम को गिरफ्तार कर 30.75 लाख रुपये के 75 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दूसरा आरोपी मेहताब बेटी की शादी छोड़कर छत से कूदकर फरार हो गया, जो नेपाल में चोरी के मोबाइल बेचते थे और कई राज्यों में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी में भी शामिल थे।

चोरी का आरोपित नईम। जागरण

चोरी का आरोपित नईम। जागरण

HighLights

  1. 30.75 लाख के 75 मोबाइल बरामद, नेपाल में वास्तविक कीमत के 25 प्रतिशत पर बेचते थे

  2. दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, मध्य प्रदेश, गोवा और कर्नाटक में करोड़ों के जेवरों की चोरी के आरोप

  3. आरोपितों की उलइया भाषा से उलझी पुलिस, 1200 कैमरों की जांच के बाद मिली सफलता

  4. दो नवंबर की देर रात गोविंदपुरी स्टेशन रोड पर हुई थी चोरी; एक माह से कर रहे थे रेकी

जागरण संवाददाता, कानपुर। गोविंदपुरी स्टेशन वाली रोड पर 24 दिन पहले मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के मामले में बिहार के अररिया जिले का एक आरोपित बेटी की शादी छोड़कर मकान की दूसरी मंजिल से करीब 20 फीट नीचे कूदकर भाग गया। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उसके साथी को भौंती बाईपास के पास नईम को गिरफ्तार कर लिया।

उसके पास से चोरी के 30.75 लाख रुपये कीमत के 75 मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपित नेपाल में मोबाइल फोन की वास्तविक कीमत से 25 प्रतिशत में चोरी के मोबाइल बेचते थे। पुलिस टीम ने चोरों को पकड़ने के लिए 1200 कैमरे खंगाले। आरोपित ने केबल बिछाने का काम करते हुए एक माह तक आसपास की दुकानों की रेकी की थी।

इसके बाद उसने साथी मेहताब को बुलाकर चोरी की। दोनों ने दिल्ली के रोहिणी, बेंगलुरु, हैदराबाद के दुलपल्ली, मध्य प्रदेश के बदरहा, गोवा और कर्नाटक के सिमोगा सहित कई स्थानों पर ज्वेलर्स के शोरूम और अन्य प्रतिष्ठानों से करोड़ों रुपये के जेवरों की चोरी की है।

गोविंद नगर के बी ब्लाक में गोविंदपुरी पुल से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर गोपालश्री शर्मा का परिवार रहता है। मकान के भूतल पर उनके बेटे अंशु की मोबाइल हब नाम से दुकान है। उससे सटी दुकान में उनकी पत्नी बेकरी चलाती हैं। दो नवंबर की देर रात चोर बेकरी के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मोबाइल की दुकान से 78 फोन तथा गुल्लक में रखे 50 हजार रुपये ले गए।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस ने पहले बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के कैमरों की चार दिन तक जांच की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में फुटेज के आधार पर पता चला कि आरोपित पटना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। टीम पटना पहुंची और जांच में सामने आया कि दोनों बस से अररिया गए थे।

आटो चालक से पूछताछ में पता चला कि उसने उन्हें जोकीघाट थाना क्षेत्र के रहरिया गांव छोड़ा था। वहां पहुंचने पर दोनों नहीं मिले और उनके नेपाल जाने की जानकारी मिली। आरोपितों के मोबाइल नंबर लिसनिंग पर लगाए गए तो वे पुलिस को भ्रमित करने के लिए उलइया भाषा (मैथिली और बंगाली मिक्स भाषा) में बात करने लगे।

जांच में उनकी पहचान बगडरा गांव के मेहताब और रहरिया के नईम के रूप में हुई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि मेहताब की बेटी की बुधवार को शादी थी। पुलिस दबिश के दौरान वह शादी छोड़कर छत से 20 फीट ऊंचाई से कूदकर भाग गया। उसके रिश्तेदार से पूछताछ करने पर नईम के कानपुर में आने की जानकारी हुई।

गुरुवार सुबह पुलिस ने लोकेशन के आधार पर उसे भौंती बाईपास से गिरफ्तार किया। उसके दो बैग से 75 मोबाइल मिले। पुलिस के मुताबिक, नईम के खिलाफ दिल्ली में 10 और गोविंद नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

यह भी पढ़ें- पति की हत्या के बाद संभाली अपराध की गद्दी! बुर्के की आड़ में नेपाल से तस्करी, कानपुर में 10 करोड़ की चरस के साथ प्रेमी संग गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- कानपुर में तेंदुए की तलाश जारी, ग्रामीणों को अलर्ट रहने की अपील, वन विभाग की टीम के 32 सदस्य खोज में जुटे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।