विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति की हत्या के बाद संभाली अपराध की गद्दी! बुर्के की आड़ में नेपाल से तस्करी, कानपुर में 10 करोड़ की चरस के साथ प्रेमी संग गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:51 PM (IST)

कानपुर में निक्की उर्फ साजिया सिद्दकी और उसके प्रेमी फैसल को 10 करोड़ रुपये की चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। पति की हत्या के बाद निक्की ने अपराध की कमान संभाली और नेपाल से मुंबई तक चरस तस्करी करती थी।

चरस तस्कर निक्की उर्फ साजिया सिद्दीकी। पुलिस

चरस तस्कर निक्की उर्फ साजिया सिद्दीकी। पुलिस

HighLights

  1. नेपाल से लेकर आई 10 करोड़ की चरस बरामद, अजमेर और मुंबई में करनी थी सप्लाई

  2. बुर्का पहनकर टूरिस्ट बसों से करती थी तस्करी, मुंबई में बच्चे व रिश्तेदार भी गिरोह में शामिल

जागरण संवाददाता, कानपुर। नेपाल से चरस खरीदकर जयपुर और मुंबई में तस्करी करने जा रही कर्नलगंज की आरोपित निक्की उर्फ साजिया सिद्दकी और प्रेमी फैसल को गुरुवार सुबह गुमटी क्रासिंग के पास जीटी रोड पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो पिठ्ठू बैग में 10.320 किलो चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 10 करोड़ बताई गई।

निक्की का पति सईद नाटा शहर का बड़ा अपराधी था, जिसकी चुनावी रंजिश में मार्च 2012 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पति की हत्या के बाद साथियों ने निक्की को अपराध की गद्दी की कमान सौंप दी। उसके घर पर अपराध की साजिश रची जाती थी।

करीब पांच साल पहले रिश्तेदार ने उसे ड्रग्स तस्करी में जोड़ा और नेपाल और मुंबई के ठिकाने बताए। तब से वह प्रेमी संग मिलकर अजमेर और मुंबई में चरस-गांजे की तस्करी करने लगे।

कर्नलगंज के छोटे मियां हाता और गम्मू खां का हाता अपराधियों का बड़ा गढ़ बना हुआ है। यहां कई लोग अलग-अलग गिरोह कई लोग ड्रग्स की तस्करी में भी संलिप्त हैं, जो नेपाल और छत्तीसगढ़ से चरस व गांजा लाकर शहर में व अन्य जिलों के साथ ही मुंबई में सप्लाई कर रहे हैं।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे ही एक गिरोह के दो आरोपित कर्नलगंज के छोटे मियां का हाता निवासी निक्की और साथी फैसल को गुरुवार सुबह गुमटी क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों नेपाल से टूरिस्ट बस से आए थे। यहां से वे जयपुर और वहां से साथियों को चरस देकर मुंबई भिजवाने की तैयारी में थे।

दोनों के पास बस की टिकट भी मिली है। फैसल निक्की से 12 साल छोटा है। निक्की के पति सईद नाटा की हत्या के कुछ साल बाद से वह निक्की के साथ रहने लगा था। सईद नाटा की हत्या के बाद से उसके अपराधी साथी निक्की के घर पर बैठकर वारदातों की साजिश रचते हैं।

दोनों आरोपितों के पास से 10.320 किलो चरस, 8600 रुपये, 275 रुपये नेपाली करेंसी, एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।डीसीपी ने बताया कि निक्की के रिश्तेदार समेत कुछ और तस्करों की तलाश में टीम लगी है। अजमेर के गिरोह को भी ट्रेस किया जा रहा है।

महिलाएं संभाल रही मादक पदार्थों की तस्करी की कमान

कर्नलगंज के छोटे मियां हाता निवासी निक्की ही नहीं बल्कि इससे पहले क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने कंघी मोहाल निवासी शबनम बेगम उर्फ चच्ची भी 3.131 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया था। शबनमम के पति का निधन होने के बाद वह प्रेमी रियाज उर्फ खटोला के साथ रहने लगी थी, लेकिन डेढ़ माह पहले प्रेमी एक किलो चरस व पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

उसके बाद से ये तस्करी की कमान शबनम ने संभाल ली थी और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ तस्करी करने लगी थी। इसी तरह से साकेत नगर कंजड़नपुरवा में भी महिलाएं सबसे ज्यादा मादक पदार्थों की तस्करी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 26 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव

यह भी पढ़ें- कानपुर में तेंदुए की तलाश जारी, ग्रामीणों को अलर्ट रहने की अपील, वन विभाग की टीम के 32 सदस्य खोज में जुटे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।