कानपुर में तेंदुए की तलाश जारी, ग्रामीणों को अलर्ट रहने की अपील, वन विभाग की टीम के 32 सदस्य खोज में जुटे
कानपुर के करनखेड़ा गांव में तेंदुए की तलाश जारी है, लेकिन वन विभाग की टीम को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। तेंदुए के दूसरे क्षेत्र में जाने की संभावना है, ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की अपील की गई है।

तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाते वन कर्मी। वन विभाग
HighLights
तेंदुए की तलाश जारी, नहीं मिले पगचिह्न, दूसरे क्षेत्र में जाने की संभावना
तेंदुए को पकड़ने के लिए पांच स्तरों पर रणनीति,फिर भी खाली हाथ
पिंजड़े, नाइट विजन कैमरा ट्रैप, रैपिड रिस्पांस टीम तलाश में नाकाम
ग्रामीण क्षेत्र से निकल कर जंगल की ओर जाने की जताई जा रही आशंका
जागरण संवाददाता, कानपुर। करनखेड़ा सहित आस-पास के गांवों में दहशत फैलाने वाले तेंदुए के कहीं दूसरी जगह निकलने की संभावना है। वन विभाग की टीम दिन भर तेंदुए की तलाश करती रही लेकिन उसका पता नहीं चला। गुरुवार को तेंदुए के पगचिह्न भी दिखाई नहीं दिए।
तेंदुए को पकड़े के लिए पांच स्तरों पर रणनीति बनाई गई है। इसके बावजूद अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने को कहा गया। तेंदुआ दिखाई देने पर इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को देने की अपील की गई। वन विभाग की 22 सदस्यीय रैपिड रिस्पांस टीम तेंदुए को खोजने में जुटी रही लेकिन उसको शाम तक कामयाबी नहीं मिल सकी।
करनखेड़ा गांव में मगलवार को खेत में तेंदुआ दिखाई दिया था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह हमला करते हुए भाग गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन दिन से वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में सघन अभियान चला रही है लेकिन अभी तक पगचिह्न के अतिरिक्त उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
विजन कैमरा ट्रैप में भी उसकी तस्वीर कैद नहीं हो सकती है। तेंदुए को पकड़़ने के लिए दो पिंजड़े लगाए गए लेकिन उसमें बी वह नहीं फंसा। तेंदुए की तलाश में बुधवार को चलाए गए अभियान के दौरान वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र की खाक छानती रही, तेंदुआ तो दूर उसके पगचिह्न तक नहीं मिले।
प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि दिन भर तेंदुए की तलाश जारी रही। अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए चार कैमरा ट्रैप में भी उसकी तस्वीर नहीं आई। तेंदुआ स्थान बदलता रहता है, उसका भोजन भी निश्चित नहीं है, तेंदुआ मुर्गे से लेकर छोटे जानवरों तक को खा सकता है। तेंदुआ ग्रामीण क्षेत्र से निकल कर जंगल से होता हुआ कहीं निकल भी सकता है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है, ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है।
तेंदुए को पकड़ने के लिए यह कवायद
तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल व पिंजड़े लगाए गए है। विजन कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। तेंदुआ दिखाई देने पर उसे बेहोश करने के लिए ट्रैक्यूलाइज गन भी तैयार रखी गई है। रैपिड रिस्पांस टीम बनाई गई है। चिड़ियाघर के वन्यजीव चिकित्सक डा. नितेश कटियार की भी सहायता ली जा रही है। लगातार कांबिंग की जा रही है।
तेंदुए की तलाश को बढ़ाया जाएगा दायरा,रात-दिन निगरानी
महाराजपुर के करनखेड़ा गांव में लोगों के घायल करने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए दायरा बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर और पिंजड़े लगाए जाएंगे। विजन कैमरा ट्रैप से रात में कैद होने वाली तेंदुए की तस्वीर के अनुसार, उसके संभावित स्थान का पता लगाया जाएगा। उसे के अनुसार वन विभाग की टीम तेंदुए की घेराबंदी करने का प्रयास करेगी। तेंदुए को पकड़ने के लिए रात-दिन निगरानी शुरू की गई है। तेंदुए की घेराबंदी के लिए जाल भी लगाए गए हैं।
ग्रामीणों को सचेत किया, बांटे जाएंगे पंपलेट
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सचेत किया गया है। उनको अकेले खेतों में न जाने, रात को घरों में रहने, मवेशियों को घर के बाहर न बांधने को कहा गया है। तेंदुए से बचाव के उपाय बताने के लिए पंपलेट भी बांटे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।