कानपुर मैनावती मार्ग पर गड्ढे और खराब पैचवर्क, अब IIT करेगी गुणवत्ता की जांच
कानपुर के मैनावती मार्ग की बदहाली दो साल से जारी है, जहां गड्ढे और खराब पैचवर्क लोगों के लिए मुसीबत ...और पढ़ें
-1794669584230_m.webp)
HighLights
10 लाख की आबादी का सहारा मैनावती मार्ग पर गड्ढों का पहरा, अफसरों के निरीक्षण भी बेअसर
मंडलायुक्त बोले गुणवत्ता से हुआ खिलवाड़ तो होगी कानूनी कार्रवाई, पीडब्ल्यूडी से मांगी गई रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, कानपुर। सड़कें बनती हैं लोगों का सफर आसान करने के लिए, लेकिन जब नई सड़क ही राहगीरों के लिए मुसीबत बन जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। शहर की सड़कों के खराब पैचवर्क,मरम्मत के साथ ही मैनावती मार्ग की बदहाली भी इसका उदाहरण है।
दो साल से लोग गड्ढों, उखड़ते डामर और बिखरी गिट्टियों के बीच सफर करने को मजबूर हैं। मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन दो बार निरीक्षण कर चुके हैं। कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार भी कई बार इस मुद्दे को उठा चुकी हैं, लेकिन सड़क की सूरत नहीं बदली। हालात यह हैं कि गड्ढों से बचने की कोशिश में दोपहिया वाहन सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
एक जून 2026 को विधायक नीलिमा कटियार ने मैनावती-सिंहपुर तिराहा सड़क परियोजना का भूमि पूजन किया था। करीब 29.44 करोड़ रुपये की लागत से कानपुर विकास प्राधिकरण को 5.90 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होना है, लेकिन विधायक के प्रयास और मंडलायुक्त के निरीक्षण के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार समयसीमा तय की गई। मंडलायुक्त ने 10 अक्टूबर, जिलाधिकारी ने 30 अक्टूबर और दीपावली से पहले मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएम ग्रिड की सड़कों के लिए 10 नवंबर और अब 30 नवंबर की समयसीमा तय की गई है।
पीडब्ल्यूडी की 41 सड़कों पर काम पूरा नहीं हो सका है। वहीं पैचवर्क को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हें। इसके बाद मंडलायुक्त के.विजयेन्द्र पांडियन ने आइआइटी और एचबीटीयू से होगी गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए हैं।
यह हैं पीडब्ल्यूडी जिम्मेदार इंजीनियर...
- अखंडेश्वर प्रसाद, अधिशासी अभियंता
- अनूप कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता
- सुभाष यादव, सहायक अभियंता
- अभिषेक यादव, अवर अभियंता
- राहुल यादव, अवर अभियंता
- यतेंद्र सिंह बघेल, अवर अभियंता
बोले लोग:::
दो साल से सड़क खराब है, विधायक के आवाज उठाने और अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी हालात नहीं सुधरें हैं। धूल-मिट्टी और गड्ढों के कारण यह रहना मुश्किल हो गया है।
अविनाश शुक्ल, अधिवक्ता
मैनावती मार्ग के हालत सुधरने वाले नहीं हैं। शिकायतों के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। पांच किमी की पाइप लाइन दो साल में नहीं पड़ सकी। कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रीती यादव, शिक्षिका
बोले जनप्रतिनिधि...
छह दिन पहले जल निगम ने पानी के लीकेज सही किए हैं। नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़कों को मोटरेबल करने का कार्य भी किया गया है। अमरुद मंडी से धनऊपुरवा तक दो किमी तक सड़क 24 घंटे में बनेंगी, यहां पाइप लाइन का कार्य खत्म हो चुका है। जल निगम का कार्य खत्म होते ही सड़क का निर्माण पूरा होगा।
नीलिमा कटियार, विधायक, कल्याणपुर
बोले जिम्मेदार अधिकारी...
सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मैनावती मार्ग को केडीए की जिम्मेदारी है, क्यों देरी हुई इसकी जवाब मांगा जाएगा। वहीं अगर किसी भी सड़क पर खराब पैचवर्क किया गया है, तो उसकी गुणवत्ता की जांच आइआइटी कानपुर और एचबीटीयू से कराई जाएगी। जिन विभागों के कार्यों में मानकों की अनदेखी और लापरवाही सामने आएगी, उनके जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़कों की मरम्मत के नाम पर केवल खानापूरी बर्दाश्त नहीं होगी।
के. विजयेन्द्र पांडियन, मंडलायुक्त
मैनावती मार्ग का निर्माण शुरू हो चुका था, लेकिन अचानक जल निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए फिर समय मांगा है, जिसके कारण निर्माण कार्य रोका गया है। जल निगम का कार्य खत्म होने के बाद फिर सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा।
अभय पांडेय, सचिव, केडीए
यह भी पढ़ें- कानपुर में ससुराल जा रहे पिता की बाइक को बस ने मारी टक्कर, साथ में जा रहे दो मासूम बेटों की मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।