Kanpur News: बारिश और बाढ़ से मौत का नहीं थम रहा सिलसिला, कानपुर में पेड़ गिरने और गड्ढे में डूबने से तीन की मौत
कानपुर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर में जलभराव और पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि गड्ढे में गिरने से एक बच्चे की जान चली गई। जूही थानाक्षेत्र में पेड़ के नीचे दबे दो शव मिले हैं जिनकी पहचान की जा रही है। बिठूर में खंती में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। शहर भर में जलभराव ने हर किसी को परेशान किया। वहीं, पेड़ गिरने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गड्ढे में गिरकर बच्चे की जान चली गई।
जूही थानाक्षेत्र के मिलिट्री कैंप चौकी क्षेत्र में देर रात पाकड़ा का पेड़ भरभराकर गिरा था। बुधवार को पेड़ को काटकर हटाया जा रहा था। इसी दौरान नीचे दबी फल की दुकान से हाथ दिखाई दिया। इस पर इलाकाई लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से पेड़ को हटवाकर देखा तो उसके नीचे से दो लोगों के शव मिले। इनमें एक ही पहचान बर्फ दुकानदार के रूप में हुई है। दूसरे के बारे में पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है।
इधर, बिठूर के बिरतियांन लछिमन पुर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करने वाले बबलू गौतम के 8 वर्षीय पुत्र सोहित गौतम की खंती में गिरकर डूबने से मौत हो गई। सोहित कक्षा तीन का छात्र था। दोस्त आयुष के साथ घूमते घूमते लछिमनपुर से शादी पुर जाने वाले रोड के किनारे खंती में नहाने के लिए उतरा। पैर फिसलने से गहरे पानी में जाने से डूब कर मौत हो गई।
बारिश का कहर महाराजपुर में भी देखने को मिला। महाराजपुर के घाघूखेड़ा में कच्चा घर गिर गया। मलबे के नीचे दबने से मकान मालिक इंद्रजीत घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से निकाला। बिंदकी तहसील के ब्लाक के न्योरी जलालपुर गांव में चौथ मकान गिरा है। राजेश्वरी पत्नी स्व. मान सिंह की कच्ची कोठरी गिर गई। गृहस्थी का तमाम सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही है कि जनहानि नहीं हुई है।
पनकी व दादानगर औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों में भरा पानी, काम ठप
लगातार तीसरे दिन हुई जबरदस्त वर्षा के चलते औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियों में पानी भर गया। पहले से जलभराव वाली गलियां उफान पर आ गईं। पानी भरने से ज्यादातर फैक्ट्रियों में काम रुक गया लेकिन दोपहर में हुई वर्षा के चलते उत्पाद आंशिक प्रभावित हुआ। वहीं गोविंद नगर, किदवई नगर, बर्रा में सड़कों पर पानी भरने के बाद दुकानों में पानी घुस गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।