Kanpur GSVM में 97.87 करोड़ से बनेगी रिसर्च लैब, मरीजों में हैवी मेटल्स की मात्रा की जांच होगी आसान
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में 97.87 करोड़ की लागत से एक हैवी मेटल्स टेस्टिंग लैब स्थापित की जाएगी। यह लैब ...और पढ़ें

HighLights
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में हैवी मेटल्स लैब की स्थापना।
97.87 करोड़ की लागत से बनेगी अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब।
कानपुर में भारी तत्वों के प्रदूषण की जांच में मदद।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कालेज की मेडिकल रिसर्च यूनिट (एमआरयू) में हैवी मेटल्स की जांच के लिए टेस्टिंग लैब स्थापित की जाएगी। 97.87 करोड़ की लागत से बनने वाली लैब में शहर और आस-पास क्षेत्रों में क्रोमियम और भारी तत्व से हो रहे प्रदूषण की जांच आसान और सटीक हो जाएगी।
शहर के साथ आस-पास जिलों में तेजी से बढ़ रहे भारी तत्व के प्रदूषण से खून में क्रोमियम, सीसा, पारा, कैडमियम और आर्सेनिक की खतरनाक मात्रा के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे दूषित पेयजल व मृदा परीक्षण के लिए दिल्ली, मुंबई और लखनऊ की डा. राम मनोहर लोहिया संस्थान की लैब में सैंपल जांच के लिए भेजने पड़ते हैं। इसकी रिपोर्ट आने में 15 दिन से एक महीने तक का समय लगता है। जीएसवीएम में हैवी मेटल्स की जांच के लिए लैब की शुरुआत हो जाने से चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि हैवी मेटल्स लैब की स्थापना के लिए सिविल व विद्युत कार्य के लिए शासन की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को फाइनल करने के निर्देश मिले हैं। जल्द ही कार्यदायी संस्था को नामित कर हैवी मेटल्स लैब की स्थापना की जाएगी।
अभी तक लैब की कमी के कारण प्रदूषण की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने में जांच की समस्या सामने आ रही थी। जब हमारे पास लैब होगी तो हम बेहतर कदम उठा सकेंगे। मेडिकल कालेज में लैब की स्वीकृति हो जाने से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के खून में भी हैवी मेटल्स की जांच हो सकेगी और समस्या का निदान किया जा सकेगा।
मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि क्रोमियम, सीसा, पारा, कैडमियम और आर्सेनिक विषैली धातुएं हैं, जो दूषित पानी, भोजन व हवा के जरिये खून में जमा हो सकती है। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से नसों, फेफड़ों और गुर्दों को गंभीर नुकसान हो सकता है। तंत्रिका तंत्र, पाचन तंत्र, हृदय व मांसपेशियों तथा गुर्दे व यकृत से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
रिसर्च लैब व हैवी मेटल लैब
- रिसर्च कार्य को बढ़ावा देने में कारगर साबित होगी।
- मेडिकल छात्र-छात्राएं भी कर सकेंगे रिसर्च कार्य।
- हैवी मेटल की खून में हो सकेगी जांच।
- भारी तत्व से ग्रसित क्षेत्रों में भूगर्भ जल की हो सकेगी जांच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।