विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में दुखद घटना,  धोती से बने झूले में गर्दन कसने से बच्ची की मौत

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:38 PM (IST)

कानपुर के नौबस्ता में आठवीं की छात्रा आरुषि त्रिपाठी की धोती के झूले में गर्दन फंसने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

मृतका आरुषी त्रिपाठी की फाइल फोटो। स्वजन

मृतका आरुषी त्रिपाठी की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. नौबस्ता में धोती के झूले से हादसा

  2. आठवीं की छात्रा आरुषि त्रिपाठी की मौत

  3. कराटे में ब्लैक बेल्ट थी मेधावी छात्रा

जागरण संवाददाता, कानपुर। नौबस्ता के राजीव विहार में शनिवार शाम घर में आठवीं की छात्रा आरुषि त्रिपाठी की धोती से बने झूले में गर्दन कसने से मौत हो गई। घटना के समय उसका तीन वर्षीय भाई भी पास में खेल रहा था। मां के बुलाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह मौके पर पहुंचीं। बेटी की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। स्वजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

राजीव विहार निवासी जितेंद्र कुमार त्रिपाठी जनरलगंज स्थित कपड़े की दुकान में काम करते हैं। परिवार में पत्नी निहारिका, बेटी आरुषि और तीन वर्षीय बेटा आरव है। पिता जितेंद्र के मुताबिक, शनिवार शाम आरुषि घर में दरवाजे के ऊपर बनी खिड़की में पुरुषों के पहनने वाली धोती बांधकर झूला झूल रही थी। इसी दौरान वह झूले में बैठकर गोल-गोल घूमने लगी, जिससे उसकी गर्दन धोती में कस गई।

मां निहारिका ने किसी काम से आवाज लगाई, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। पास पहुंचने पर आरुषि की गर्दन धोती में कसी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र ने बताया कि 14 वर्षीय आरुषि यूपी किराना स्कूल में आठवीं की छात्रा थी। वह पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे थी।

हाल ही में कराटे प्रतियोगिता में ब्लैक बेल्ट हासिल कर मेडल भी जीता था। बेटी की मौत से मां निहारिका बदहवास हो गईं। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रारंभिक जांच में धोती से गर्दन कसने की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अवैध रिश्ते में रोड़ा बने पति को दी दर्दनाक मौत... ट्रेन से फेंककर मार डाला, कोर्ट के आदेश पर बहू और सिपाही सहित 12 पर केस

यह भी पढ़ें- कानपुर दशहरा रामलीला परेड के लिए यातायात में बदलाव, जानें नए रूट और पार्किंग