विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur Fire Breaks Out: दो की मौत के बाद जागे जिम्मेदार, राधिका अपार्टमेंट में चलेगा बुलडोजर, 5 पर केस 

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:24 PM (IST)

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की ...और पढ़ें

पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में आग लगने के बाद देखने पहुंचे पुलिस आयुक्त रघुबीर सिंह । जागरण

पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में आग लगने के बाद देखने पहुंचे पुलिस आयुक्त रघुबीर सिंह । जागरण

HighLights

  1. राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में दो लोगों की दर्दनाक मौत हुई

  2. अवैध निर्माण राधिका अपार्टमेंट पर चलेगा बुलडोजर, पांच पर केस

  3. बिल्डर मोहित तिवारी, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान समेत पांच आरोपी

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो लोगों की मौत के बाद आखिरकार जिम्मेदारों की नींद टूटी है। हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अपार्टमेंट पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले में बिल्डर मोहित तिवारी, पूर्व पार्षद हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में फीलखाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनमें एक धारा में आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। मन्नू पर बांग्लादेशी नागरिक का प्रमाणपत्र बनवाने का आरोप है।

बिना नक्शे का बना अपार्टमेंट

बिना नक्शे के छह मंजिला तक तन गए राधिका अपार्टमेंट पटकापुर अब प्राधिकरण ध्वस्त करेगा। अपार्टमेंट से जुड़े कोई दस्तावेज केडीए के पास नहीं है। कोई फाइनल तक नहीं है कि कब अपार्टमेंट का निर्माण हुआ था।

तीन सदस्यीय कमेटी गठित

प्राधिकरण सचिव ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी सर्वे करके अपनी रिपोर्ट देगी। साथ ही आसपास बने निर्माणों की भी जांच करेगी। वहीं हादसा होने के बाद दो दिन में केडीए ने अभ तक नौ इमारतों को सील कर दिया है और एक दर्जन को नोटिस दी है।

पांच फीट गली में बना छह मंजिला अपार्टमेंट

पटकापुर में स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार को आग लगने से राखी व प्रांजल बाथम की मौत हो गई थी। पांच फीट की गली में 150 वर्ग मीटर भूखंड में छह मंजिला तक मकान तान दिया गया था। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। प्राधिकरण के अभियंताओं व सुपरवाइजरों की नजर तक नहीं पड़ी।

कोई नोटिस नहीं दिया गया

अब हादसे के बाद केडीए के अमलने ने मंगलवार को अपार्टमेंट से जुड़ी फाइल को खंगालना शुरू किया तो कोई फाइनल ही नहीं मिली। बताया जा रहा है कि नक्शा जमा नहीं हुआ तो कोई फाइल नहीं बनी और अभियंताओं व सुपरवाइजरों ने कोई नोटिस नहीं दी इसके चलते कोई फाइल प्राधिकरण में नहीं बनी है। इसके चलते फाइल नहीं है।

कमेटी एक हफ्ते में देगी रिपोर्ट

सचिव अभय पांडेय ने बताया कि अपार्टमेंट की जांच के लिए एसीएम व विशेष कार्याधिकारी मनीष कुमार, विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला और सहायक अभियंता सीपी पांडेय की अगुवाई में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। गठित कमेटी एक हफ्ते में रिपोर्ट तैयार करके देगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ध्वस्तीकरण की नोटिस

प्रवर्तन प्रभारी अतुल राय ने बताया कि नगर नियोजन व विकास अधिनियम 1973 की धारा 27 नोटिस के तहत ध्वस्तीकरण की नोटिस दी जा रही है। 15 दिन में जवाब देना होगा संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर इमारत को गिरा दिया जाएगा।

सील इमारत की पट्टी हटाने पर मुकदमा

पटकापुर में 19/ 76 पटकापुर को केडीए ने फरवरी 2026 में सील किया था और कार्य न होने को लेकर पुलिस को पत्र किया था। पुलिस अभिरक्षा में होने के बाद भी सील हटाकर कार्य किया जा रहा था। मोहित द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। इसको नोटिस दी गई है।

पांच और इमारतें सील

केडीए के दस्ते ने दूसरे दिन भी पांच निर्माण सील कर दिया। पहले दिन चार निर्माण सील किए थे। एक दर्जन निर्माण को नोटिस दी है।

दस्ते ने आशु भूखंड नंबर

96/21पार्ट कर्नलगंज, राजू के भूखंड संख्या 96/15 पार्ट कर्नलगंज, नियाज के भूखंड संख्या 96/15 पार्ट., आरिफ के भूखंड संख्या 98/220 बेकनगंज और नूर आलम के भूखंड संख्या 105/196 चमनगंज में नक्शे के विपरीत बन रहे निर्माण को सील कर दिया।

बेगुनाह पर गिरेगी गाज, मौज में जिम्मेदार

निर्माण होते हुए जिम्मेदार सोते रहे अब फंसने पर निर्माण को गिराने की तैयारी कर रहे है। फ्लैट में रहने वाले 12 परिवार फंस गए। बेगुनाह होने के बाद भी सजा इनको मिल रही है। अगर केडीए के जिम्मेदार इसको बनने नहीं देते तो वह क्यों फंसते? अफसरों का कहना है कि फ्लैट खरीदते समय लोगों को केडीए से जानकारी कर लेनी चाहिए थी कि अपार्टमेंट का नक्शा पास है यदि पास है तो कितना पास है। बिल्डर पर मुकमदा दर्ज कराया जाएगा।

यह सवाल का कौन देगा जवाब

  • निर्माण शुरू होने से पहले ही कार्रवाई क्यों नहीं की जाती?
  • केडीए का भारी भरकम दस्ता को नजर नहीं आता ?
  • शहर में बोर्ड लगाए कि भूखंड या फ्लैट लेने से पहले प्राधिकरण की दस्तावेज की करा ले जानकारी?
  • केडीए में एक डेस्क बनाई जाए?
  • जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?

 

अपार्टमेंट के सर्वे के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी जांच करेगी कब इमारत का निर्माण हुआ है। उस वक्त कौन-कौन अवर अभियंता और सुपरवाइजर रहे है। उनके नामों को चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ध्वस्तीकरण की नोटिस दी जा रही है।
- अभय पांडेय, सचिव केडीए


बिल्डिंग बायलाज 2025 में गलियों में नहीं हो सकते निर्माण

नए बिल्डिंग बायलाज 2025 के तहत नक्शा पास कराने के लिए नौ मीटर सड़क होना अनिवार्य है। इससे कम सड़क पर निर्माण नहीं हो सकता है। वर्ष 2025 के पहले भूखंड में सड़क के हिसाब से जगह छोड़नी होती थी। इसके चलते दो सौ मोहल्लों में निर्माण फंस गए है। मामला शासन तक चल रहा है। केवल निर्मित क्षेत्र में ही नौ मीटर से कम सड़क पर नक्शे पास हो सकते है। ऐसे में फिर कैसे गलियों में निर्माण हो रहे है।

यह भी पढ़ें- कानपुर राधिका अपार्टमेंट बना आग का पिंजरा, फंसे 12 परिवार, दो की मौत

यह भी पढ़ें- मीटर से उठी चिंगारी ने मचाई तबाही, 8 स्कूटर-3 बाइक जलकर राख, 7-8 धमाकों से दहली 6 मंजिला इमारत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।