ई-आटो चालक की पत्थर से सिर, चेहरा कूचकर हत्या, कानपुर के जंगल में मिला रक्त रंजित शव
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव की पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी ...और पढ़ें
-1794584075384_m.webp)
चकेरी में हुई ई आटो चालक की हत्या। जांच करते एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह व अन्य।
HighLights
कानपुर में ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव की हत्या।
पत्थर से सिर-चेहरा कूचकर की गई बेरहमी से हत्या।
लूटपाट के इरादे से हत्या की आशंका, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के गांव टाटिया झनाका के पास शुक्रवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों को एचएएल की टूटी बाउंड्री के पास जंगल में एक रक्त रंजित शव पड़ा मिला। जिसकी मुंह में कपड़ा ठूंसकर ईंट से कूचकर बेहरमी हत्या की गई थी।
ग्रामीणों ने वारदात की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। इसपर डीसीपी पूर्वी , एसीपी चकेरी समेत इंस्पेक्टर के बाद साक्ष्य संकलन के लिए फोरेसिंक टीम भी पहुंची। जहां उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी के साथ रूटों के सीसी फुटेज खंगालने शुरू किए।
इसके साथ शव का अज्ञात में पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी भेज दिया गया। इसके बाद स्वजन तलाश करते हुए पोस्टमार्टम हाउस से चकेरी थाने पहुंचे। मृतक की शिनाख्त बिठूर के कुरसौली निवासी ई-आटो चालक 38 वर्षीय बृजनंदन यादव के रूप में हुई। घटना ने रात में पुलिस की मुस्तैदी और गश्ती की पोल खोलकर रखी दी है।
मृतक बृज नंदन यादव मूल रूम से ककवन के उत्तरीपुरवा के रहने वाले थे। वह बिठूर के कुरसौली में अपनी मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी आशा देवी यादव , बेटा अंकुश और बेटी अंशिका (दोनों इंटरमीडिएट में अध्यनरत) के अलावा मां प्रेमा रहती हैं। वह परिवार का पालन अपनी निजी ई-आटो चलाकर करते था। इसके साथ उनका छोटा साला धर्मेंद्र भी रहता है, वह भी ई-आटो चलाता है।
स्वजन के अनुसार बृजनंदन अपनी गाड़ी लेकर शाम साढ़े 4 बजे घर से निकले थे। इसके बाद रात तक घर नहीं लौटे थे। उनका शव शुक्रवार सुबह टटिया झनाका गांव के पास एचएएल की टूटी बाउंड्री के पास रक्तरंजित हालत में सीधा पड़ा मिला था। जिसकी पत्थर से कूचकर बेहरमी से हत्या कि गई थी। यहां काफी मात्रा में खून जमा था। उसके शरीर पर बादामी शर्ट , लोवर के अलावा शैडल थीं, जो शरीर पर थे।
अनुमान लगाया गया कि यह वारदात रात करीब 11 - 12 के आसपास की होगी। मृतक के पास एक पुलिस को एक चश्मा मिला है। घटना में उसका ई-आटो , मोबाइल फोन के अलावा मौजूद सभी चीजें गायब थीं। जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। लिहाजा उसे अज्ञात में मोचरी भेजा गया था।
यहां मौके पर पहुंचे डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने जांच पड़ताल की। जहां उन्होंने पत्थर की कूचकर हत्या की पुष्टि की थी। हत्या के जानकारी पर यहां भीड़ का जमावड़ा लगा रहा। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि घटना स्थल के रूट के सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, देखा जा रहा है कि वह कैसे वहां पहुंचा। वहीं, ई-आटो नंबर और मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए कई टीमें लगाई गईं है, आगे स्वजन की तहरीर पर मुकदमा लिखा जाएगा।
रात नौ बजे पत्नी आशा को बताई थी रामादेवी की लोकेशन, मां को फोनपर आ रहीं थीं आवाजें
मृतक के साले फतेहपुर निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें बीती गुरुवार रात दो बजे बहनोई बृृज नंदन यादव के घर न पहुंचने की जानकारी हुई थी। बहन आशा ने बताया था कि बृृजनंदन से रात करीब नौ बजे बात हुई थी। तो उन्होंने रामादेवी में होने की बात कही थी। कहा था कि घर आ रहे हैं।इस दौरान बृजनंदन की मां प्रेमा यादव त्योहार के चलते ककवन के उतरीपुरवा स्थित अपने पैृतक गांव में थीं।
उन्होंने भी हालचाल लेने को अपने बेटे को फोन किया था। जिसपर बृजनंदन का फोन तो उठा, पर कोई बात नहीं हुई। प्रेमा को फोन पर दर्द भरे शोर की आवाजें सुनाईं दीं थीं। जिसपर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। तो उन्होंने बहू आशा से फोनकर फिर बेटे से बात करने को कहा। पर, आशा के फोन मिलाने पर मोबाइल स्चिच आफ बता रहा था। इसके बाद स्वजन नाते - रिश्तेदारों से बातचीत के साथ उनकी तलाश करते रहे। फिर शुक्रवार सुबह उन्होंने बिठूर थाना क्षेत्र की मंधना चौकी में घटना की जानकारी देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
बहनोई तो तलाशते पोस्टमार्टम पहुंचा साला, फिर चकेरी थाने पहुंच की शिनाख्त
मृतक के साले महेंद्र सिंह ने बताया वह शुक्रवार सुबह आशा के घर पहुंचे। जहां पर कुछ रिश्तेदारों के साथ रायमशविरा कर पोस्टमार्टम हाउस में भी देखने पर सहमति बनीं। जिसपर वह लोग वहां पहुंचे। क्योंकि अंतिम लोकेशन रामादेवी बताई गई थी। जिसपर उन्होंने चकेरी थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम को आने वाले शव की जानकारी पूछी। जहां उन्हें मोर्चरी में एक अज्ञात शव होने का पता चला। तो, उन्होंने दिखाने की बात कही। पर, नियमानुसार मना कर दिया गया।
कहा गया कि संबंधित पुलिस से संपर्क करें। वहां से उन्हें संबंधित पुलिस कर्मी का नंबर मिला। जिसपर वह बात कर चकेरी थाने पहुंचे। जहां उन्होंने फोटो देखकर पहचान लिया। पर शव विक्षत होने पर आशंका के चलते उन्होंने अपनी भांजे अंकुश को फोटो भेजी। जिसपर उसने भी पुष्टि कर दी। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पत्थर से सिर के पीछे दो और ठोढ़ी पर पत्थर से हमला, बह गया था खून
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतक के सिर के पीछे की ओर दो जगह और आगे ठोढ़ी पर पत्थर से हमला हुआ है। जिससे काफी खून बहने पर उसकी मौत हो गई। घटना के आसपास पत्थरों पर खून लगा मिला। वहीं, मुंह पर भी सफेद कपड़ा ठुसा लगा था। आशंका है कि उसके मुंह पर कपड़ा ठूसने के बाद हत्या की गई। मृतक के दाहिने हाथ हाथ में (वी.एन.एस.वाई) गुदा था। घटना के बाद पुलिस घटना स्थल को पहुंचे सभी रूट के सीसी फुटेज खंगाल रही है।
जरायम का अड्डा है इलाके का जंगल मैदान , सवारी बनकर लूट का बुना होगा जाल
घटना के बाद जमा हुए लोगों ने बताया कि यह जंगल का इलाका जरायम का अड्डा है, जहां जुएं की फड़ें सजती हैं। इसके अलावा देर रात तक नशेबाजी भी होती है। वहीं, नशे के बीच मारपीट और छिनैती सरीके अपराध तो आमबात हो गई है। लोगों ने दबी जुबान कहा कि पुलिस सब जानती है, फिर भी सख्ती नहीं बरतती है। यहां पर मादक पदार्थों के बिक्री होने की भी चर्चा है।
वहीं, पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया है कि वारदात का मकसद सिर्फ लूटपाट था। हो सकता है कि बृजनंदन के साथ सवारी बनकर लूट की साजिश रची गई हो। उसे जाल में फंसाकर घटना स्थल के आसपास लेकर पहुंचे। जहां बृजनंदन के लूट के विरोध पर वारदात को अंजाम दिया गया।
वहीं, अपनी पहचान सामने आने के भय से उनकी ईंट-पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। वह शोर न मचा सके इसके लिए मुंह में कपड़ा भी ठूस दिया गया। फिर उसका ई-आटो , मोबाइल आदि सामान लेकर फरार हो गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।