Kanpur News: झकरकटी पुराने पुल पर 14 मीटर ऊपर बनेगा एलिवेटेड रोड; गोल चौराहा-रामादेवी एलिवेटेड रोड के डिजाइन में बड़ा बदला
कानपुर में गोल चौराहा से रामादेवी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के झकरकटी हिस्से में बड़ा बदलाव हुआ है। पुराने पुल ...और पढ़ें
-1791217993873_m.webp)
झकरकटी पुल पर लगा जाम | जागरण
HighLights
गोल चौराहा-रामादेवी एलिवेटेड रोड के डिजाइन में किया गया बदलाव
झकरकटी बस अड्डा पुल के 14 मीटर ऊपर से गुजरेगा एलीवेटेड रोड
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों ने छह विभागों से मांगा संशोधित एस्टीमेट
जागरण संवाददाता, कानपुर। गोल चौराहा से रामादेवी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण में झकरकटी सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण हिस्सा बन गया है। झकरकटी बस अड्डे के सामने बने पुराने पुल को तोड़कर एलिवेटेड रोड निकालने की योजना अब बदल गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) ने पुराने पुल को तोड़ने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया है।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी-एनएच ने नया रास्ता तलाशते हुए पुराने पुल के ऊपर डबल डेकर संरचना बनाने का डिजाइन तैयार किया है। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब 14 मीटर ऊपर से गुजरेगा। इससे नीचे मौजूदा पुल और सड़क का यातायात चलता रहेगा, जबकि ऊपर से गोल चौराहा-रामादेवी का यातायात निकलेगा।
गोल चौराहे से रामादेवी तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड के लिए झकरकटी में प्रस्तावित बदलाव का एक अहम हिस्सा रेलवे से जुड़ा है। एलिवेटेड रोड की संरचना को रेलवे पुल के आसपास से निकालने के लिए डिजाइन में बदलाव किया गया है। इसके लिए रेलवे के प्रयागराज कार्यालय से अनुमति मांगी गई है। पीडब्ल्यूडी-एनएच के अधिकारियों ने डिजाइन स्वीकृति के साथ ही रेलवे से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने के लिए पत्र भेजा है।
दरअसल, झकरकटी क्षेत्र में बस अड्डा के पास मेट्रो स्टेशन, रेलवे लाइन, पुराना और नया पुल एक-दूसरे के करीब हैं। एलीवेटेड रोड का सर्वे करने वाली एजेंसी हेक्सा ने पहले पुराने पुल को तोड़कर एलीवेटेड रोड का डिजाइन तैयार किया था, लेकिन मोर्थ के अधिकारियों ने जब निरीक्षण किया तो उन्हें तकनीकी रूप से यह सही नहीं लगा। जिसके बाद दोनों पुलों के ऊपर से एलीवेटेड रोड बनाने के लिए डबल डेकर पुल बनाने का निर्णय लिया गया।
फरवरी में स्वीकृत हुआ था बजट
गोल चौराहा से रामादेवी तक 10.160 किलोमीटर लंबे दो लेन एलिवेटेड कारिडोर के लिए केंद्र सरकार ने 988.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 24 फरवरी 2026 को इसकी जानकारी दी थी। एलीवेटेड रोड बनने से जीटी रोड पर जरीब चौकी, झकरकटी, टाटमिल चौराहे और सीओडी क्रासिंग जाम से निजात मिल जाएगी। इस परियोजना की डीपीआर और डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया में पहले भी 22 बार बदलाव हो चुके हैं।
छह विभागों से मांगा गया संशोधित एस्टीमेट
नए डिजाइन के कारण निर्माण लागत और विभिन्न मदों में बदलाव होना तय है। इसी वजह से मंत्रालय ने संबंधित विभागों से पुराने एस्टीमेट को संशोधित कर भेजने को कहा है। इसमें सड़क निर्माण, पुल संरचना, रेलवे से संबंधित कार्य, बिजली-पानी की लाइन और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे कार्यों को शामिल है। संशोधित एस्टीमेट मिलने के बाद परियोजना के टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है।
झकरकटी बस अड्डे के पास एलीवेटेड रोड के डिजाइन में संशोधन किया गया है। झकरकटी बस अड्डे के पुराने पुल को नहीं जोड़ा जाएगा, दोनों पुलों के ऊपर एलीवेटेड रोड के लिए डबल डेकर पुल तैयार किया जाएगा। संशोधित डिजाइन को स्वीकृति के लिए रेलवे के प्रयागराज कार्यालय भेजा गया है। इसके साथ ही सभी विभागों से एक सप्ताह में संशोधित एस्टीमेट मांगे गए हैं, ताकि जल्द टेंडर प्रक्रिया को कराया जा सके।
भगवान दास, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी एनएच
