विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर विकास बैठक से 12 अफसर नदारद, जैपुरिया पुल के डिजाइन और बदहाल सड़कों पर जनप्रतिनिधियों ने लगाई फटकार

Published: Fri, 16 Oct 2026 09:08 PM (GMT+05:30)

कानपुर के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अधिकारियों की गैरमौजूदगी और शहर की ...और पढ़ें

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में बैठक करते विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना साथ में महापौर प्रमिला पांडेय। जागरण

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में बैठक करते विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना साथ में महापौर प्रमिला पांडेय। जागरण

HighLights

  1. समग्र विकास की समीक्षा बैठक में अफसरों की क्लास, मेट्रो पर बरसीं महापौर

  2. जलभराव, सड़क और सीवर पर घिरे अफसर, महाना बोले- पानी निकासी तक नहीं कर पा रहे

  3. मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर के समग्र विकास को लेकर शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें मैनावती मार्ग की बदहाली को लेकर कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने नाराजगी जताई।

जल निकासी की समस्या पर जल निगम के अधिशासी अभियंता ने प्रबंध किए जाने की बात कही तो विधानसभा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि इतनी तकनीक विकसित होने के बावजूद पानी निकालने की व्यवस्था क्यों नहीं सुनिश्चित हो पा रही है।

जैपुरिया पुल का सही डिजाइन नहीं बनाने और जनप्रतिनिधियों से सुझाव नहीं लेने पर सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक एसके सुमन को फटकार लगाई। उन्हें बैठक के बाद मौके का निरीक्षण के लिए मौके पर भेजा गया। वहीं बैठक के दौरान मंडलायुक्त, डीएम, पुलिस कमिश्नर के साथ ही 12 अधिकारियों की गैरमौजूदगी भी सवालों के घेरे में रही।

शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष ने समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। बारिश से टूटी सड़कों की मरम्मत दीपावली से पहले कराने को कहा गया। वहीं, सब स्टेशन बनने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी समस्याएं सामने आईं, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सुधार के निर्देश दिए।

बारिश के दौरान हुए जलभराव को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने मेट्रो अधिकारियों को घेरा। उन्होंने कहा कि कई बैठकों के बावजूद ड्रेनेज की सीडी उपलब्ध नहीं कराई गई। जलभराव के लिए मेट्रो निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने भी मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों, नालों, सीवर लाइनों और पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत को हा। हैलट अंडरपास के संबंध में जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. संजय काला ने बताया कि निर्माण के लिए एनओसी दे दी गई है।

गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने पनकी के सरायमीता गांव में अमोनिया युक्त पेयजल सप्लाई, छठी मैया के पूजन से पहले घाटों का निर्माण और सफाई, पनकी पड़ाव पर जाजमऊ की तर्ज पर प्रवेश द्वार बनवाने की मांग की।

एनएचएआइ अधिकारियों ने बताया कि कानपुर रिंग रोड के पांच पैकेजों में 42 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। विधानसभा अध्यक्ष ने शेष काम तय समयसीमा में पूरा कराने को कहा। एलिम्को के पास फुट ओवरब्रिज का फाउंडेशन पूरा होने और शेष काम जारी होने की जानकारी दी गई।

बिजली विभाग और यूपीसीडा को सब स्टेशन निर्माण के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बनी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय से काम करने तथा रूमा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को दीपावली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने को कहा।

पटाखा बाजारों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्धारित स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष/ प्रशासक स्वप्निल वरुण, विधायक राहुल बच्चा सोनकर,सीडीओ अभिनव जे. जैन, केस्को एमडी नेहा जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक मौजूद रहे।

जमीन कब्जाने के आरोप पर हंगामा

बैठक के दौरान पटकापुर निवासी ज्ञानेश दीक्षित ने खुद को विधानसभा अध्यक्ष का प्रतिनिधि बताने वाले सुरेंद्र अवस्थी पर पुश्तैनी जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वह विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में जाने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने रोक लिया।

जांच के आदेश

ज्ञानेश का आरोप था कि पुरवा में उनकी चार बीघा पुश्तैनी जमीन के मामले में अधिकारियों पर दबाव बनाकर 15 प्रतिशत लेकर जमीन छोड़ने का दबाव डाला जा रहा है। बैठक के बाद सतीश महाना ने उनकी बात सुनकर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं आरोपित सुरेंद्र अवस्थी ने इस मामले में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।

यह भी पढ़ें- कानपुर में खुलेगा तीसरा मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय, घाटमपुर में 10 एकड़ भूमि पर होगा निर्माण

यह भी पढ़ें- Kanpur HBTU के छात्रों का कमाल! फलों को सड़ने से बचाएगा एथिलीन पाउच, बचे खाने से बनेगा ईंधन