विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में खुलेगा तीसरा मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय, घाटमपुर में 10 एकड़ भूमि पर होगा निर्माण

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:06 PM (IST)

कानपुर में तीसरा मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय घाटमपुर के टिकवापुर गांव में बनेगा, जिसके लिए 10 एकड़ भूमि चिह्नित की ...और पढ़ें

बिधनू के खेरसा गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय। विभाग

बिधनू के खेरसा गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय। विभाग 

HighLights

  1. घाटमपुर के टिकवापुर गांव में 10 एकड़ जगह चिह्नित, राजकीय निर्माण निगम डीपीआर बनाना शुरू किया

  2. प्री प्राइमरी से 12वीं की कक्षाओं का होगा संचालन, 1500 विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए उपलब्ध होंगे संसाधन

विवेक मिश्र, कानपुर। कानपुर में तीसरा मुख्यमंत्री माडल कंपाेजिट विद्यालय खुलेगा। शासन ने बिधनू, चौबेपुर के बाद घाटमपुर में स्कूल बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। घाटमपुर में मंजूर हुए स्कूल की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को एजेंसी को अधिकृत किया गया है। 10 एकड़ चिह्नित स्थान पर प्रस्तावित स्कूल के लिए एजेंसी के प्रतिनिधियों ने डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। नवंबर तक रिपोर्ट शासन में पहुंचने के बाद बजट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।


घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील के प्रस्ताव पर शासन ने मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय बनाने की मंजूरी दी है। जिला समन्वयक (निर्माण) प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि प्रस्तावित स्कूल में प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होंगी। 25 कमरों में कक्षाएं, लैब, किचन शेड, खेल मैदान, लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

1500 विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए संसाधन उपलब्ध होंगे। वर्ष 2028 तक स्कूल संचालन के लिए तैयार होने की पूरी संभावना है। वहीं, बिधनू के खेरसा व चौबेपुर के बनी गांव में करीब 24-24 करोड़ रुपये से स्वीकृत मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण का 25 से 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

निर्माण कार्य करा रही एजेंसी को वर्ष 2027 दिसंबर तक स्कूल संचालन के लिए तैयार करना है। बिधनू विकासखंड के ग्राम खेरसा में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि जिले को तीसरा विद्यालय योजना के तहत स्वीकृत हुआ है। डीपीआर बनाने का कार्य चल रहा है। बिधनू व चौबेपुर में निर्माण कार्य प्रगति पर है।

तकनीक से जुड़ेंगी स्मार्ट कक्षाएं

नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा उपलब्ध होगी। इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यालय भवन जी प्लस टू माडल के तहत बनेगा। इसमें कुल 25 आधुनिक कक्षाएं होंगी। प्रत्येक कक्षा स्मार्ट क्लास तकनीक से जुड़ी होगी। जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल मैदान व कौशल विकास से जुड़ी सुविधाएं भी परिसर में विकसित की जाएंगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur HBTU के छात्रों का कमाल! फलों को सड़ने से बचाएगा एथिलीन पाउच, बचे खाने से बनेगा ईंधन